हाथ-सिर बंधे मिले, बेटा बोला- सरपंच ने हत्या की, 4 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था।
बेगूसराय में मंझौल थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी पर सिउरी पुल बना है। इसके नीचे से आज ग्राम कचहरी के पंच की लाश मिली है। मृतक के हाथ और सिर में रस्सी बंधा मिला है। मृतक के बेटे का कहना है कि सरपंच ने पिता को हत्या के मामले में फंसाया था। 3 महीने पहले वो जेल से बाहर आए थे। अब सरपंच 4 लाख रुपए मांग रहा था। उसी ने ये मर्डर किया है।
मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हैवतपुर के रहने वाले स्व. सोनेलाल चौधरी के बेटे रामवृक्ष चौधरी (45) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
रामवृक्ष चौधरी गुरुवार को किसी काम से बेगूसराय कोर्ट गए थे, लेकिन रात तक वह अपने घर वापस नहीं आए। आज जब लोग नदी किनारे गए, तो सिउरी पुल के नीचे दक्षिणी साइड में लाश देखा।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मंझौल थाना व मुफस्सिल थाना को दी। सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी नवीन कुमार और मंझौल थाना अध्यक्ष फैजल अहमद अंसारी मौके पर पहुंचे।
लाश के पास से मिला लेटर
मृतक पंच के पास से एक लेटर भी मिला है, जिसमें लिखा गया है कि हम जब जेल से छुटकर आए तो सरपंच विजय शंकर सिंह ने चार लाख रुपए की डिमांड की। उसने कहा था कि अगर पैसा नहीं दोगे तो पत्नी की इज्जत खराब कर देंगे, अब नंगा नचाएंगे। ज्यादा बोलेंगे तो जान से मार देंगे।
2 घंटे तक लोगों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद करीब 2 घंटे तक लोगों ने कोरिया के पास सड़क जाम रखा। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि हत्या कर लाश फेंकी गई और आत्महत्या का रूप लेने के लिए गले में रस्सी फंसा दिया गया है। हाथ-पैर बांधकर कोई आत्महत्या कैसे करेगा। मामले की गहन जांच और दोषी पर कार्रवाई हो।
मृतक के बेटे राहुल कुमार का कहना है कि पिताजी कल कोर्ट गए थे, शाम तक नहीं लौटे तो फोन किया। लेकिन बात नहीं हो रही थी। बाद में मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। मेरे पिताजी को 1 साल पहले हत्या के मामले में फंसा दिया गया था। उसका बेल कराने के लिए सरपंच चार लाख रुपए मांग रहा था। नहीं देने पर परेशान कर रहा था, तो थाना और कोर्ट में आवेदन दे दिए।
सरपंच लगातार धमकी दे रहा था, पिताजी को फोन किया और हमको भी फोन करके कहा था कि आवेदन देते हो जान से मार देंगे। हाथ पैर बांधकर कोई आत्महत्या तो करेगा नहीं, यह हत्या है। सरपंच ने ही पिताजी को हत्या के मामले में फंसा दिया गया था और करीब 3 महीना पहले जेल से बेल पर बाहर आए थे।
मृतक की बाइक गायब
सरपंच का कहना था कि बेल कराने में चार लाख खर्च हो गया, वह देना ही होगा। कल वह पल्सर बाइक से निकले थे, बाइक का भी कुछ पता नहीं चल रहा है। मृतक के दोस्त हैवतपुर दिनेश सहनी ने बताया कि रात करीब 8:57 बजे रामवृक्ष ने फोन किया था। उसने बताया था कि मैं पत्नी से बहुत परेशान हूं। इसके बाद मुझे एकांत होने की बात कही।
मैं जब साइड हुआ, तब उसने फोन काट दिया और मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। उसके घर पहुंचे तो मेरे बोलने से पहले ही उसकी पत्नी ने पूछा कि दोस्त से बात हुआ है। उसकी पत्नी ने बताया कि वह बेगूसराय कचहरी गए हैं। तारीख होने के कारण आने में लेट हो गया है, जिस कारण वह विशनपुर में रुक गए हैं। लेकिन आज उसकी लाश मिली है।
एसपी मनीष ने बताया कि मृतक का हाथ-पैर रस्सी से बंधा हुआ था। मझौल डीएसपी और थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसकी पहचान हैवतपुर के रहने वाले रामवृक्ष चौधरी के रूप में हुई है। परिजन घटना के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पाए हैं। प्रथम दृष्टया से लग रहा है कि हत्या की गई है। घटनास्थल की जांच FSL से कराई गई है, आगे की कार्रवाई की जा रही है।