सहरसा के प्रसिद्ध मत्स्यगंधा मंदिर परिसर में नगर निगम की ओर से सेल्फी प्वाइंट का निर्माण कराया जा रहा है। यह स्थान धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां मां 64 योगिनी रक्त काली मंदिर स्थित है। यह उज्जैन के बाद देश में दूसरा ऐसा स्थान है।
सहरसा नगर निगम के नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने बताया कि, सेल्फी प्वाइंट का निर्माण 13 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसे आगामी 15 दिनों में पूरा करने की योजना है। सेल्फी प्वाइंट ब्लैक स्टोन से बनाया जा रहा है। इसके निर्माण से सहरसा वासियों को फायदा मिलेगा।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिले बेहतर सुविधाएं
उन्होंने बताया कि, नगर निगम का उद्देश्य है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें। दूर-दराज से आने वाले भक्त पूजा-अर्चना के साथ यादगार पल अपने कैमरा मे कैद कर सकेंगे। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
मंदिर परिसर में कार्य करता मजदूर।
भक्तजन भजन-कीर्तन के माहौल में अपनी तस्वीरें ले सकेंगे। नगर निगम इस स्थल को और विकसित करने की योजना बना रहा है। इससे सहरसा धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर विशेष पहचान बना सकेगा।