किशनगढ़ के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री और सांसद भागीरथ चौधरी की अनुशंसा पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल सेवाओं की डबल सौगात दी है। पहली बड़ी उपलब्धि के रूप में मदार (अजमेर) से दरभंगा (बिहार) तक नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को स्वीकृति मिली है। यह ट्रेन किशनगढ़ और आस-पास के सैंकड़ों यात्रियों को बिहार तक की तेज़, सुगम और आरामदायक यात्रा का अवसर देगी।
दूसरी ओर लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करते हुए उदयपुर–चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20989/20990) का ठहराव अब किशनगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी होगा। इससे यात्रियों को उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 सितम्बर को बांसवाड़ा से वर्चुअली इस नई रेल सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।
इस ऐतिहासिक सौगात पर सांसद भागीरथ चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री और रेल मंत्री की संवेदनशीलता और दूरदृष्टि का परिणाम है। इससे अजमेर संसदीय क्षेत्र के यात्रियों को बिहार सहित उत्तर भारत की यात्रा में अभूतपूर्व सुविधा मिलेगी। किशनगढ़ जैसे औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र को भी विशेष लाभ होगा। यह हमारे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए बड़ी सौगात है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अजमेर संसदीय क्षेत्र में लगातार रेल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। यह “विकसित भारत” के संकल्प और सबका साथ, सबका विकास की भावना का सशक्त उदाहरण है।