बैठक के दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवंं जनप्रतिनिधि।
मधुबनी जिले के अरेर थाना में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी आनंद शंकर गौरव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 22 सितंबर से शुरू होने वाली दुर्गा पूजा के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए।
थाना प्रभारी ने कहा कि पूजा के दौरान डीजे और आर्केस्ट्रा पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। पूजा आयोजकों को प्रशासनिक लाइसेंस लेना होगा। पंडालों में बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
थाना क्षेत्र में कुल 19 स्थानों पर दुर्गा पूजा का आयोजन होगा। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील की।
बैठक में प्रखंड जदयू अध्यक्ष प्रदीप कुमार झा बासु, एसआई बेमिशाल कुमार, मुखिया रामसंजीवन यादव और सुष्मिता कुमारी, समाजसेवी अवधेश साफी, सरपंच देवचंद्र सिंह, पूर्व सरपंच उपेंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।