जिलाधिकारी ने मॉनिटरिंग सेल रिपोर्ट में लापरवाही सामने आने पर समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के दिए सख्त निर्देश।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा. मधुबनी जिले में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने मॉनिटरिंग सेल से प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा के बाद 83 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा है। जिला प्रशासन को मिली शिकायतों में सामने आया कि कई क्षेत्रीय अधिकारी और कर्मचारी नियमित रूप से कार्यालय नहीं आ रहे हैं। इनमें राजस्व कर्मचारी, पंचायत सचिव, महिला पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी सेविका शामिल हैं।
इससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम नागरिकों के काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए 11 अगस्त 2025 से जिला गोपनीय शाखा में मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है। यह सेल हर कार्य दिवस में सुबह 10 बजे तक 20 रैंडम चयनित क्षेत्रीय अधिकारियों से संपर्क कर जीपीएस लोकेशन के साथ उनकी उपस्थिति की जांच करता है।
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। हर मंगलवार को इसकी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अनाधिकृत अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।