सहरसा के मानसी रेलखंड स्थित बाबा रघुनी हाल्ट द्वारिका के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। रेलवे पटरी के समीप एक 15 वर्षीय छात्र का शव मिला। मृतक की पहचान सिमरी बख्तियारपुर के वार्ड नंबर 9 निवासी संजय राम के बेटे लव कुमार के रूप में हुई।
लव कुमार सिमरी बख्तियारपुर हाई स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता सिमरी बख्तियारपुर बाजार में मोची का काम करते हैं।
इयरफोन लगाकर टहलने के दौरान हादसा
मृतक के चाचा कमोद कुमार ने बताया कि लव रोज सुबह टहलने जाता था। रविवार सुबह भी वह 6 बजे मवेशियों को चारा देने के बाद टहलने निकला था। जब शव मिला, तब उसके कान में इयरफोन लगा हुआ था।
पुलिस का मानना है कि इयरफोन लगाकर रेल पटरी के पास टहलने के दौरान ट्रेन की आवाज नहीं सुन पाने के कारण वह दुर्घटना का शिकार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।