बीजेपी ने किया पुतला दहन, पुलिस से धक्का-मुक्की:महागठबंधन का पोस्टर हटाते पुलिस बना रही थी वीडियो, कार्यकर्ता से कहासुनी के बाद बवाल।

दरभंगा में गुरुवार को बीजेपी कार्यकर्ता और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। दरअसल, बीजेपी कार्यकर्ता महागठबंधन का पोस्टर हटा रहे थे। उसी वक्त एक पुलिस अधिकारी ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

कार्यकर्ता आपत्ति जताने लगे। जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि धक्का-मुक्की होने लगी। किसी तरह मामले को शांत कराया गया। पुतला दहन के बीच राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की तस्वीर वाले पोस्टर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जूते-चप्पल मारकर अपना गुस्सा निकाला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के मंच से अपशब्द बोले जाने के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस और राजद का पुतला दहन भी किया। घटना लहेरियासराय टावर चौक की है।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा पूरी तरह फ्लॉप

दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि ‘राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की यात्रा पूरी तरह फ्लॉप रही, लेकिन उससे भी बड़ी दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पूज्य माता जी के लिए आपत्तिजनक शब्द कहे गए, जिससे संपूर्ण मिथिला और बिहार शर्मसार हुआ है। हम दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।’

वहीं, बीजेपी जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना ने कहा कि ‘मिथिला में भारी आक्रोश है। आज हमारा कार्यक्रम शांतिपूर्ण था। कार्यकर्ताओं ने केवल पोस्टर हटाया था। पुलिस से धक्का-मुक्की की बात सही नहीं है, हालांकि नारेबाजी के दौरान कुछ गलतफहमी जरूर हुई होगी। बीजेपी अनुशासित पार्टी है और हम पुलिस से उलझने की मानसिकता नहीं रखते।’

Darbhanga Office: