दरभंगा में 15km तक पैदल यात्रा करेंगे राहुल गांधी:प्रियंका, एमके स्टालिन भी हो सकते हैं शामिल; शाम 7 बजे के बाद पहुंचेगी वोटर अधिकार यात्रा।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तहत आज शाम को दरभंगा पहुंचेंगे। विदेश्वरस्थान में महागठबंधन के नेताओं की ओर से स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस के सीनियर नेता और यात्रा प्रभारी अनिल चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा पहले से ही दरभंगा में मौजूद हैं और पूरे कार्यक्रम की निगरानी कर रहे हैं।

हायघाट प्रखंड के कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद चांद ने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा में प्रियंका गांधी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और रणदीप सुरजेवाला भी शामिल होंगे। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव रात को जीवछ घाट स्थित फकरुद्दीन अली अहमद टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में आराम करेंगे।

अगली सुबह यानी 27 अगस्त को सुबह 8 बजे से राहुल गांधी की यात्रा गंगवाड़ा, कटहलबाड़ी, बेला मोड़, बाघ मोड़, कादिराबाद, बाजार समिति, शिवधारा, सोभन, कांसी, सिमरी और अतरबेल होते हुए गायघाट (मुजफ्फरपुर) के लिए रवाना होगी। राहुल गांधी दरभंगा में करीब 15 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।

यात्रा को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसपीजी के अधिकारी रूट और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं ताकि सुरक्षा और यातायात में कोई दिक्कत न हो।

कांग्रेस नेता बोले- यात्रा से जनता का असली जनमत सामने आएगा

महागठबंधन के नेताओं का कहना है कि इस यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी दलों के कार्यकर्ता जोर-शोर से जुटे हुए हैं। जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाए जा रहे हैं और लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता मुन्ना खान ने दावा किया कि दरभंगा की धरती पर लाखों की भीड़ जुटेगी। राहुल गांधी सीधे लोगों से रूबरू होंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। पूरा शहर कांग्रेस और महागठबंधन के झंडों से पटा हुआ है। महागठबंधन नेताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में हेरफेर का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जनता की ताकत के आगे सरकार को झुकना पड़ता है। इस यात्रा से जनता का असली जनमत सामने आई।

पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते हुए।
दरभंगा और मधुबनी के बॉर्डर पर जनसभा को संबोधित करेंगे

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने बताया कि राहुल गांधी सुपौल जिला से यात्रा शुरू करेंगे। मधुबनी जिले के फुलपरास में दोपहर विश्राम और बैठक के बाद वह सरसोपाही होते हुए सकरी पहुंचेंगे। जहां दोनों जिले के बॉर्डर पर एक सभा होगी। वहां दो मिनट का संक्षिप्त संबोधन प्रस्तावित है।

27 अगस्त की सुबह 8 बजे यात्रा दरभंगा से आगे बढ़ेगी। इस दौरान राहुल गांधी लोगों से सीधे मिलते-जुलते रहेंगे। जहां भी उनकी इच्छा होगी, वे आम जनता के बीच उतरकर बातचीत करेंगे। मिथिला के व्यंजनों का स्वाद लेने की इच्छा जताई तो उन्हें विशेष पकवान उपलब्ध कराया जाएगा।

Darbhanga Office: