सहरसा जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र में 13 मार्च को हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी कौशल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले पांच महीने से फरार चल रहा था।
घटना पूर्वी कोसी तटबंध पर एकाढ़ गांव के पास हुई थी। एक युवक द्वारा धूरा फेंकने के विवाद में आरोपी ने उसे गोली मार दी थी। इस मामले में कुल चार लोगों को आरोपी बनाया गया था।
नौहट्टा थाना अध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। मुख्य आरोपी कौशल कुमार को मधुबनी जिले के भेजा थाना के झरवा गांव से शनिवार को छापेमारी कर पकड़ा गया। उस पर आर्म्स एक्ट का भी मामला दर्ज है। स्थानीय थाना की मदद से गिरफ्तार किए गए कौशल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।