सहरसा के रमेश झा महिला कॉलेज में नया हॉस्टल:सितंबर से शुरू होगा 80 बेड का मॉडर्न छात्रावास, बाहर की छात्राओं को मिलेगी प्राथमिकता।

सहरसा के रमेश झा महिला कॉलेज में छात्राओं के लिए 80 बेड का आधुनिक छात्रावास सितंबर से शुरू होने जा रहा है। यह सुविधा विशेष रूप से जिले से बाहर आने वाली छात्राओं के लिए लाभदायक होगी।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो उषा सिन्हा के अनुसार, छात्रावास में प्रवेश के लिए जिले से बाहर की छात्राओं को पहली प्राथमिकता दी जाएगी। खाली सीटों पर सहरसा के दूरदराज के क्षेत्रों की छात्राएं आवेदन कर सकेंगी। अधिक आवेदन होने पर अंकों के आधार पर चयन किया जाएगा।

जरूरी दस्तावेजों के साथ करना होगा आवेदन

छात्रावास में प्रवेश के लिए छात्राओं को प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा। सभी आवेदनों की जांच के बाद पारदर्शी तरीके से योग्य छात्राओं का चयन किया जाएगा।

31 अगस्त तक काम पूरा करने का निर्देश

UGC द्वारा निर्मित इस छात्रावास का उद्घाटन पहले 11 नवंबर 2013 को हुआ था। बिल्डिंग की स्थिति खराब होने के कारण 29 लाख रुपए की लागत से इसका नवीनीकरण किया गया। संवेदक को 31 अगस्त तक बिल्डिंग का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

महिला शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

छात्रावास में रहने की सुविधा के साथ-साथ सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण भी उपलब्ध होगा। यहां की सुविधाएं छात्राओं को तनावमुक्त अध्ययन का माहौल प्रदान करेंगी। इस पहल से न केवल कॉलेज का शैक्षणिक स्तर बढ़ेगा, बल्कि जिले में महिला शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।

Darbhanga Office: