सीएम नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना से बाढ़ प्रभावित परिवार को प्रथम चरण में डीबीटी से राशि हस्तांतरित की। बेगूसराय के 76 हजार परिवार को 7-7 हजार रुपए का अनुदान दिया गया है। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण कारगिल भवन में भी किया गया।
इस अवसर पर डीएम तुषार सिंगला, अपर समाहर्ता, लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से आज बाढ़ प्रभावित परिवार को अनुग्रह राहत राशि दी गई है।
जिसके तहत बेगूसराय जिले के 76039 परिवारों के बैंक खाते में 7-7 हजार प्रति परिवार की दर से 53.23 करोड़ रुपए हस्तांतरित हुए हैं। डीएम ने बताया कि बेगूसराय जिला के 8 प्रखंडों में 3 लाख 46 हजार 675 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 240 नावों का परिचालन
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 240 नावों का परिचालन कराया गया। इसके साथ ही 155 कम्युनिटी किचन भी संचालित कराया गया। जिसमें 670006 परिवारों को सुबह-शाम भोजन कराया जा चुका है। 26132 परिवारों के बीच पॉलिथीन शीट का वितरण किया जा चुका है।
जिला प्रशासन की ओर से 305 स्वास्थ्य कैंप बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में संचालित है, जिसमें 18127 लोगों क इलाज कराया जा चुका है। 992.5 किलो ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा चुका है। पशुओं के लिए 80 कैंप में 10342 पशुओं का इलाज कराया गया। 2158.90 क्विंटल पशु चारा का वितरण किया गया है।