बेगूसराय में होमगार्ड जवानों की बस हादसे की शिकार:20 से अधिक जवान घायल।

बेगूसराय में NH-31 फोरलेन पर मंगलवार को होमगार्ड जवानों से भरी बस पलटने से 20 से अधिक जवान घायल हो गए। हादसे की शिकार बस की चपेट में आने से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। घटना लाखो थाना क्षेत्र में इनियार ढ़ाला के पास की है।

हादसे की शिकार मृत महिला की पहचान खगड़िया जिला के पसराहा थाना क्षेत्र स्थित सनडीहा गांव के रहने वाले 35 साल के रणवीर यादव की पत्नी 30 साल की रोशनी देवी के रूप में हुई है। बाइक पर सवार दंपती का 10 साल का बेटा निशांत कुमार भी घायल हो गया है। हादसे की सूचना रणवीर के परिजनों को दी गई है।

सदानंदपुर कॉलेज कैंप से 40 होमगार्ड को लेकर बेगूसराय आ रही थी बस

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सदानंदपुर कॉलेज पर स्थित कैंप से 40 होमगार्ड जवानों को लेकर बस बेगूसराय आ रहा था। इसी दौरान इनियार ढ़ाला के पास तेज गति से आ रही पुलिस बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान पास से गुजर रहा बाइक सवार दंपती भी बस की चपेट में आग गया।

सदर अस्पताल में डॉक्टर ने चेकअप के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।

बस के पलटने और बाइक सवार के चपेट में आने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद लाखो थाना की पुलिस और होमगार्ड के अन्य जवान मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रणवीर यादव, उसकी पत्नी रोशनी देवी और बेटे निशांत कुमार समेत कुछ होमगार्ड जवानों को बेगूसराय सदर अस्पताल लाया गया।

बेगूसराय सदर अस्पताल और बलिया अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

घायल कुछ जवानों को बलिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया है। सदर अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टरों ने रोशनी देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पति रणबीर कुमार यादव और बेटे निशांत कुमार का इलाज चल रहा है। रणवीर यादव बाइक से पत्नी के साथ बेटा का इलाज कराने बेगूसराय आ रहा था।

घायल रणवीर ने बताया कि बच्चे का इलाज कराने के लिए पत्नी के साथ बेगूसराय आ रहे थे। मैं बाइक से आ रहा था। पीछे से पुलिस से भरी बस ने बाइक में टक्कर मार दी।

इलाज के लिए सदर अस्पताल लाए गए होमगार्ड जवानों का नाम अमन राय, प्रदीप पासवान, नीरज कुमार, प्रेमचंद कुमार, बिट्टू कुमार, मुकेश कुमार, अभिषेक कुमार एवं किशोरी साह हैं। जबकि बलिया में मनोज कुमार, विशाल कुमार, पवन कुमार, कुंदन कुमार, सुधीर कुमार, रौशन कुमार, सन्नी कुमार, रवि रंजन कुमार, अविनाश कुमार, राजधर कुमार, सूरज कुमार एवं अविन कुमार का इलाज चल रहा है।

Darbhanga Office: