बिहार के देवरी हरदोपट्टी में नए पंचायत भवन का उद्घाटन।

प्रतापगढ़ जिले के बिहार विकासखंड की ग्रामसभा देवरी हरदोपट्टी में नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन खंड विकास अधिकारी मिर्जा इरफान बेग ने किया। ग्राम प्रधान कुंवर सत्येंद्र कुमार सिंह की पहल पर बने इस भवन में स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा भी फहराया गया।

बीडीओ ने पंचायत भवन में होने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां पेंशन, राशन कार्ड और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जैसी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी। ग्राम प्रधान यहां जनसुनवाई करेंगे और पंचायत सहायक प्रतिदिन उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान ने खंड विकास अधिकारी को संविधान की पुस्तक भेंट की। बीडीओ ने बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने ग्रामीणों को संविधान में निहित विषयों की जानकारी भी दी।

ग्रामीणों व ग्रामप्रधान ने माला पहनाकर और अंगवस्त्र देकर खंड विकास अधिकारी का सम्मान किया। ग्राम प्रधान ने ग्रामसभा के प्रमुख लोगों को भी सम्मानित किया। कार्यक्रम में रामअक्षयवर सिंह बघेल, चंद्र भूषण सिंह, सालिकराम मिश्रा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Darbhanga Office: