प्रतापगढ़ में गुरुवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। बिहार में नवनियुक्त शिक्षक गगन मौर्य ने सई नदी के दिलीपपुर पुल से छलांग लगा दी। 30 वर्षीय गगन अचलपुर, जेल रोड के रहने वाले हैं। वह 2023-24 में बिहार में सरकारी शिक्षक के रूप में चयनित हुए थे।
सूत्रों के अनुसार, घटना से एक दिन पहले गगन का घर में विवाद हुआ था। गुरुवार सुबह वह रिश्तेदार की बाइक से कादीपुर पुल पहुंचे। वहां कुछ देर टहलने के बाद, जब रिश्तेदार वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, गगन ने अचानक पुल से छलांग लगा दी।
परिजनों ने बताया कि गगन कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर और स्थानीय ग्रामीण मिलकर नदी में उनकी तलाश कर रहे हैं। अभी तक गगन का कोई पता नहीं चल पाया है।