क्लासरूम में सांप के काटने से छात्रा की मौत:इलाज कराने के बजाय छठी की स्टूडेंट को घर भेजा, ग्रामीणों ने टीचर को बंधक बनाया।

बेगूसराय के गढ़पुरा थाना क्षेत्र में क्लासरूम में सांप के काटने से छठी की छात्रा की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, छात्रा को सांप के काटे जाने की सूचना के बाद इलाज कराने के बजाय टीचर ने उसे घर भेज दिया, जिससे इलाज में देरी की वजह से उसकी मौत हो गई। उधर, मामले की जानकारी के बाद आक्रोशित लोगों ने स्कूल के टीचर को करीब चार घंटे तक बंधक बनाकर रखा। बाद में बखरी डीएसपी कुंदन कुमार ने काफी कोशिश के बाद लोगों को हटाया और बंधक बने शिक्षकों को सुरक्षित ले गई।

घटना गढ़पुरा थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रानीचक की है। मृतक की पहचान छठी क्लास की स्टूडेंट रानीचक गांव के रहने वाले रामानंद दास की बेटी 12 साल की चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चांदनी अपने क्लास में बैठी हुई थी और शिक्षक के नहीं रहने के कारण खेल रही थी।

गिट्टी के ढेर के पास सांप ने काटा

बच्ची जिस रूम में खेल रही थी, उस क्लासरूम के एक कोने में गिट्टी का ढेर लगा हुआ था। बच्ची ढेर से एक गिट्टी उठाने गई, इसी दौरान उसे सांप ने काट लिया। इसके बाद बच्ची ने शोर मचाया, तो आसपास मौजूद बच्चों ने टीचर को सांप काटने की जानकारी दी।

आरोप है कि टीचर ने इलाज के लिए बच्ची को भेजने के बजाय कहा कि चूहे ने काट लिया होगा। इसके बाद टीचर ने बच्ची को पैदल ही घर भेज दिया। चांदनी अपने छोटे भाई के साथ घर पहुंची तो उसकी स्थिति खराब होने लगी। परिजनों को जब जानकारी हुई तो उसे झाड़-फूंक के लिए ले जाया गया जहां एक घंटे तक सुधार नहीं होने पर इलाज के लिए गढ़पुरा पीएचसी लाया गया। जहां से बेगूसराय रेफर किए जाने पर रास्ते में ही चांदनी की मौत हो गई।

गांव के लोगों ने टीचर को पकड़ा, भीड़ देख भागे हेडमास्टर समेत 4 शिक्षक

घटना की जानकारी मिलते ही लोग आक्रोशित हो गए और स्कूल में मौजूद शिक्षिका विभा कुमारी, निशा कुमारी, मीरा कुमारी एवं अब्दुल को बंधक बना लिया। जबकि प्रधानाध्यापक आशुतोष कुमार सहित चार शिक्षक फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गढ़पुरा बीडीओ विकास कुमार एवं बीईओ समीक्षा झा पुलिस के साथ स्कूल पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण लापरवाह एचएम पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसके बाद बखरी डीएसपी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे तथा जनप्रतिनिधि के सहयोग से ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई पर अड़े रहे।

भीड़ को समझाते डीएसपी एवं बीडीओ
टीचर को छुड़ाकर ले जाने पर भड़के ग्रामीण, किया प्रदर्शन

बंधक बने शिक्षकों को पुलिस ले जाने लगी तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए एवं गाड़ी के सामने प्रदर्शन करने लगे। बाद में काफी कोशिश कर लोगों को कार्रवाई का आश्वासन पुलिस बंधक बने शिक्षकों को सुरक्षित वापस ले गई।

डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि दो बजे के आसपास घटना हुई है। लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया है। परिजन जिस तरह का आवेदन देंगे, सभी बिंदुओं पर जांच के बाद उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Darbhanga Office: