अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पिछड़ा वर्ग के पर्यवेक्षकों की सूची जारी की है। इस सूची में गोला क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता विक्रांत साहनी को शामिल किया गया है।
पर्यवेक्षक नियुक्त होने के बाद विक्रांत साहनी ने कहा कि पार्टी ने उन्हें एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया कि बिहार चुनाव में मछुआरा समाज इस बार परिवर्तन चाहता है। कांग्रेस ने मछुआरा समाज पर भरोसा जताया है।
साहनी ने कहा कि वे पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। बिहार चुनाव में पार्टी को मजबूती देने के लिए अपने समुदाय के लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि बिहार में मछुआरा समाज को 20 अलग-अलग वर्गों में बांट दिया गया है। इसको लेकर मछुआरा समाज में भारी आक्रोश है।
युवा कांग्रेस नेता साहिल विक्रम तिवारी ने कहा कि बिहार चुनाव में गोला को प्रतिनिधित्व मिलना कांग्रेसियों के लिए गर्व का विषय है। विक्रांत को पर्यवेक्षक बनाए जाने पर कई कांग्रेसी नेताओं ने बधाई दी है। इनमें डॉ. अनिल तिवारी, गणेश मिश्रा, श्रवण यादव, जय प्रकाश तिवारी, चंद्रमोहन पाण्डेय, हरिशंकर गुप्ता, पीर मोहम्मद, शैलेश शर्मा, सुभाष चंद्र दास, मंजूर आलम, गरीब अली, कृष्णमूर्ति राय, लालधर प्रसाद, अनूप उमर और रामलवट गुप्ता शामिल हैं।