लोगों ने अपराधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
समस्तीपुर में बढ़ते अपराध के विरोध में जिले भर के लोग एकजुट हुए। इन्होंने शहर के सरकारी बस स्टैंड पर एक दिवसीय धरना दिया। लोगों का कहना है कि पुलिस अपराध पर लगाम लगाने में सफल नहीं रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार ठाकुर ने बताया कि हाल ही में मोहिउद्दीन नगर इलाके में एक सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटहो थाना क्षेत्र के दयाल चौक पर भी एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई। इसके अलावा विभूतिपुर थाना इलाके में चोरों ने एक घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
धरना प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि पूरे जिले में अपराध बढ़ रहे हैं। इसे पुलिस नियंत्रण नहीं कर पा रही है। इससे लोगों में गुस्सा है और ये पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय के सामने धरना देकर पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस गश्ती को बढ़ाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने जिला पुलिस कप्तान से पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर अपराधों पर लगाम नहीं लगाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस मामले पर जिला पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि मोहिउद्दीन नगर, दयाल चौक और विभूतिपुर इलाके में घटनाएं हुई है। इस पर पुलिस काम कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जिन थाना क्षेत्रों में लापरवाही हो रही है, वहां के थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की जा रही है।