दरभंगा बाल सुधार गृह में फिर एक मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में किशोर का मिला शव, छह महीनों में तीसरी घटना।

दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के लहेरियासराय स्थित बाल सुधार गृह एक बार फिर चर्चा में है. रविवार को सुबह करीब 11 बजे एक 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बाल सुधार गृह के अन्य बच्चों ने हाउस फादर मदन प्रसाद को सूचना दी कि किशोर बाथरूम में गिरा हुआ है.

अपहरण के मामले में बंद था किशोर:बाल सुधार गृह के कर्मियों ने तुरंत उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान बेनीपुर प्रखंड के फरदाहा गांव निवासी के रूप में हुई है, जो एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में बाल सुधार गृह में बंद था.

लहेरियासराय बाल सुधार गृह में मौत 

परिजनों का गंभीर आरोप: दिलखुश के परिजनों ने बाल सुधार गृह के प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसकी दादी और मां ने बताया कि दो दिन पहले जब वे किशोर से मिलने गए थे, तो उसने बताया था कि रिमांड रूम में अन्य बच्चे उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न करते हैं. परिजनों का कहना है कि किशोर के पैर की उंगलियों पर चोट के निशान थे.

“बाल सुधार गृह की एक कर्मचारी ने उन्हें मौत की सूचना दी, लेकिन बाद में उनका फोन बंद हो गया. शक है कि पैसे के लेन-देन या बेल की तारीख नजदीक होने के कारण किशोर की हत्या की गई है.”-मृतक के परिजन

पुलिस और प्रशासन का त्वरित एक्शन: घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. सदर एसडीएम विकास कुमार, एसडीपीओ राजीव कुमार, और लहेरियासराय थाने की पुलिस तुरंत बाल सुधार गृह पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. डीएम कौशल कुमार ने प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या का मामला बताया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा.

“प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ज्यूडिशियल जांच के आदेश दिए हैं. वहीं मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया है.”-विकास कुमार, एसडीएम, सदर

पिछले छह महीनों में तीसरी मौत: यह पहली बार नहीं है जब दरभंगा का बाल सुधार गृह विवादों में आया हो. पिछले छह महीनों में यह तीसरी ऐसी घटना है, जहां किसी नाबालिग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है. अप्रैल 2025 में समस्तीपुर के एक किशोर की मौत के बाद भी मारपीट के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद गार्ड सहित आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी.

आत्महत्या या हत्या? जांच के इंतजार में सच: प्रारंभिक जांच में पुलिस और प्रशासन इसे आत्महत्या का मामला मान रहे हैं, क्योंकि किशोर का शव बाथरूम में मिला था. हालांकि, परिजनों के मारपीट और हत्या के आरोपों ने मामले को उलझा दिया है. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमीत कुमार ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य बच्चों और कर्मियों से पूछताछ के बाद ही सच्चाई सामने आएगी.

“मौत का कारण देखने से आत्महत्या लग रहा है. पूरे मामले की जांच की जा रही है. जुडिशल मजिस्ट्रेट तैनात कर दिया गया है. शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है.”-अमीत कुमार, थानाध्यक्ष, लहेरियासराय

सामाजिक और प्रशासनिक सुधार की मांग: दरभंगा के बाल सुधार गृह में बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने वहां बेहतर निगरानी, कर्मचारियों की जवाबदेही, और बच्चों के लिए मनोवैज्ञानिक सहायता की मांग की है. इस घटना ने एक बार फिर बिहार के सुधार गृहों की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

Darbhanga Office: