बिहार में बेटे ने बाप को जिंदा जलाने का किया प्रयास, पेट्रोल छिड़कर लगाई आग।

मधेपुरा में घरेलू विवाद में कलयुगी बेटे ने पिता को जिंदा जलाने की कोशिश की है. पुलिस ने बेटे को हिरासत में लिया है.

मधेपुरा:कहते हैं पिता और पुत्र का रिश्ता सबसे गहरा और अनोखा होता है. साथ ही उसमें सम्मान और प्यार होता है, लेकिन बिहार के मधेपुरा में सनकी बेटे ने अपने जिंदा पिता को जलाने की कोशिश की है. ये घटना शंकरपुर थाना क्षेत्र की है.

बेटे ने बाप को जिंदा जलाने का किया प्रयास:मिली जानकारी के अनुसार रामपुर लाही पंचायत के वार्ड नंबर पांच में बीते दिन मितन कुमार की अपने पिता गोविंद राम से किसी घरेलू विवाद को लेकर कहासुनी हो गई थी. जिससे सनकी बेटा दुकान से ज्वलनशील पदार्थ खरीद कर लाया और पिता के शरीर पर डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की.

पीठ और हाथ झुलसे:इसी बीच शोर होने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर पिता को बचाया. हालांकि पिता की पीठ, हाथ और पैर झुलस गए हैं, जबकि आरोपी बेटे मितन कुमार के हाथ भी झुलस गए हैं.

JNKT मेडिकल रेफर:घटना के बाद पीड़ित गोविंद राम को प्राथमिक उपचार के लिए शंकरपुर पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए JNKT मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मधेपुरा भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

‘मितन कुमार नशे का आदी है. जिससे वो अक्सर घर में विवाद करता रहता है और मारपीट भी करता है. शनिवार को भी वह नशे की हालत में था”.स्थानीय निवासी

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बेटा:पीड़ित गोविंद राम को अस्पताल पहुंचाने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को इस संबंध में सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को पकड़कर शंकरपुर थाना लाई.

”मैं खुद को जलाने के लिए ज्वलनशील पदार्थ लेकर आया था. उसी दौरान पिता ने ज्वलनशील पदार्थ मुझसे छीन लिया. जिससे वो उनके ऊपर गिर गया”.मितन कुमार, -आरोपी बेटा

पिता के अपशब्द कहने से था आहत:आरोपी मितन कुमार ने आगे बताया कि मेरे परिजन ने पड़ोस में रहने वाले किसी लड़के के बारे में बात कर रहे थे. जिससे मैंने कहा कि क्यों किसी के बारे में कुछ बोलते हो. इस पर पिता ने मुझे अपशब्द कहें. जिससे मैं आहत हो गया.

घायल पिता को बेहतर इलाज के लिए JNKT मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मधेपुरा भेजा गया है. साथ ही आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया गया है. पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.-रौशन कुमार, शंकरपुर थानाध्यक्ष

Darbhanga Office: