बेगूसराय के बियाडा कैंपस में आज एक गार्ड की लाश मिली है। मृतक की पहचान असुरारी गांव निवासी स्व. सियाशरण सिंह के बेटे बिगन सिंह (58) के रूप में की गई है।
बिगन सिंह गुरुवार को सुबह 6 बजे फैक्ट्री जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटे और मोबाइल पर संपर्क नहीं होने पर परिजन ने सूचना बरौनी थाना को दी थी। उसी समय से पुलिस और परिजन खोजबीन कर रहे थे, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
खोजबीन के दौरान शुक्रवार को एथेनॉल फैक्ट्री से करीब 200 मीटर उत्तर पानी भरे गड्ढे में लाश मिली। इसके बाद लोग आक्रोशित हो गए और 6 घंटे सड़क जाम कर दिया।
घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की भीड़।
10 महीने से गार्ड की नौकरी कर रहे थे
मृतक के भतीजा विपिन सिंह और बेटी पुतुल का कहना है कि बिगन सिंह एथेनॉल प्लांट के बगल में बन रहे प्लांट में 8-10 महीने से गार्ड का काम कर रहे थे। पैसा मांगने पर तीन महीना पहले विवाद हुआ था। फिर उन्हें काम पर रखा गया तो गुरुवार की सुबह 6 बजे जल्दी लौटने की बात कह कर गए है ।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
इधर, लाश मिलने की सूचना मिलते ही सदर-टू डीएसपी पंकज कुमार और थानाध्यक्ष रंजन कुमार ठाकुर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। लोगों ने 10 लाख मुआवजा और कार्रवाई की मांग को लेकर अवध-तिरहुत रोड को 6 घंटा से अधिक जाम रखा।
शाम में तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह और पुलिस अधिकारियों की पहल पर जाम हटाया गया है। डीएसपी ने बताया कि कल देर शाम सूचना मिलने के बाद से पुलिस टीम लगातार खोजबीन कर रही थी। आज लाश मिली है, मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा। सभी बिंदुओं पर जांच-पड़ताल चल रही है।