भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर (SIR) स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन 2025 की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस प्रक्रिया के तहत निर्वाचक सूची के प्रारूप का प्रकाशन 1 अगस्त 2025 को सभी निर्दिष्ट स्थलों पर किया गया है। इसको लेकर सहरसा जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने समाहरणालय के सभागार मे प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 25 सितंबर तक इन दावों और आपत्तियों का निपटारा करेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 सितंबर 2025 को किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में मौजूद जिलाधिकारी दीपेश कुमार।
1566 मतदान केंद्र किए गए निर्धारित
सहरसा में चार विधानसभा क्षेत्रों – सोनवर्षा, सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर और महिषी में कुल 1566 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। हालिया पुनरीक्षण के बाद जिले में एक लाख 31 हजार 516 फॉर्म अप्राप्त पाए गए हैं। इस कारण मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का गहन निरीक्षण करें। साथ ही योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने और अयोग्य नाम हटाने में प्रशासन का सहयोग करें।
घोषणा पत्र के साथ करना होगा आवेदन
योग्य मतदाता का नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6, अयोग्य नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन या तबादला के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है। बिहार में बाहर से आए नए मतदाताओं को घोषणा पत्र के साथ आवेदन करना होगा।
राजनीतिक दलों के मतदान केंद्र अभिकर्ताओं से भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई है। विशेष कैंप, प्रखंड/अंचल कार्यालय, शहरी निकाय कार्यालय और ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
मतदाता सूची की पूर्ण शुद्धता सुनिश्चित करना लक्ष्य
संविधान के अनुच्छेद 326 के अनुसार, प्रत्येक भारतीय नागरिक जो 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का है और संबंधित क्षेत्र का निवासी है, निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने का अधिकारी है। आयोग का लक्ष्य है कि आगामी विधानसभा आम चुनाव 2025 से पहले मतदाता सूची की पूर्ण शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।
1391674 वोटर थे SIR के बाद 1260078 रह गए
सहरसा जिले चार अलग अलग विधानसभा क्षेत्र के कुल 1391674 वोटर थे लेकिन (SIR) स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के बाद 12 लाख 60 हजार 78 मतदाता रह गए है। जबकि 1 लाख 31 हजार 596 मतदाता फॉर्म को भर नही सके। जिस वजह से उनका नाम नए 1 अगस्त को होने वाले मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका। सोनबरसा विधानसभा में 3 लाख 27 हजार 202 मतदाता थे, लेकिन SIR के बाद 2 लाख 92 हजार 141 मतदाता बचे है। जबकि 35 हजार 61 मतदाताओं ने फॉर्म नही भरा।
सहरसा विधानसभा क्षेत्र मे 3 लाख 85 हजार 280 मतदाता थे, SIR के बाद 3 लाख 58 हजार 945 मतदाता रह गए है और 26 हजार 335 मतदाताओं ने फॉर्म नही भरा। सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में 3 लाख 62 हजार 856 मतदाता थे SIR के बाद 3 लाख 28 हजार 717 मतदाताओं का नाम रह गया और 34 हजार 139 मतदाताओं ने फॉर्म नही भरा।
वहीं, महिषी विधानसभा क्षेत्र 3 लाख 16 हजार 336 मतदाता थे, SIR के बाद 2 लाख 80 हजार 275 मतदाताओं का नाम अंकित हुआ है और 36 हजार 61 मतदाताओं ने फॉर्म नही भरा।