दरभंगा में दमकल की 5 गाड़ियों ने बुझाई लपटें, शॉर्ट-सर्किट के कारण हुई अगलगी।

दरभंगा में बहेड़ा थाना क्षेत्र के बहेड़ा बाजार में राजेश वैरायटी गोदाम में शुक्रवार को आग लग गई। गोदाम में 45 लाख से अधिक की संपत्ति जल गई।

गोदाम के संचालक शंकर भगवान पूर्वे ने बताया कि शॉर्ट-सर्किट हुई थी। आग ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई और तेजी से पूरे गोदाम में फैल गई। हमने कई कंपनियों की एजेंसी ले रखी है। गोदाम में एवरेडी, एमडीएच मसाले, जेड ब्लैक अगरबत्ती सहित अन्य कंपनियों का भारी मात्रा में माल स्टॉक में था।

सभी सामान बर्बाद हो गए। फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के दौरान 6 गाड़ियों से पानी की आपूर्ति की गई और दर्जनों अग्निशमन कर्मी लगातार प्रयास करते रहे।

अगलगी में कीमती सामान जलकर राख।
मुआवजे की उठाई मांग

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, फिलहाल शॉर्ट-सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन पूरी स्थिति की जांच की जा रही है। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

क्षेत्रीय व्यापार मंडल ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। अग्निकांड से एक बार फिर बहेड़ा बाजार में फायर सेफ्टी उपायों की कमी और बिजली व्यवस्था की खामियों पर सवाल उठने लगे हैं।

Darbhanga Office: