सिमरिया गंगा घाट पर 12 राउंड फायरिंग:बदमाशों ने दुकानों में घुसकर स्टाफ के साथ की मारपीट।

बेगूसराय के चर्चित धार्मिक स्थल सिमरिया गंगा घाट पर बदमाशों ने 12 राउंड फायरिंग की। एक बाइक से आए 3 बदमाशों ने दुकानों में स्टाफ के साथ मारपीट भी की।

स्थानीय दुकानदार ने बताया कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए थे। एक बाइक पर बैठा रहा, जबकि 2 सबसे पहले गुड्डू झा के नीलकमल मिष्ठान भंडार सह भोजनालय में घुसे। वहां मौजूद स्टाफ विदेशी साह और एक अन्य स्टाफ को लाठी से मारा, 2 गोलियां चलाईं।

गलती पूछने पर कहा कि मालिक को कहो बॉस से मिलने। इसके बाद बदमाश विनोद साह के मां विंध्यवासिनी होटल में पहुंचे और यहां भी स्टाफ के साथ मारपीट कर बॉस से मिलने का आदेश दिया। यहां से निकाल कर बदमाश ओमप्रकाश साह के मां त्रिभुवन तारिणी मिष्ठान भंडार सह भोजनालय में पहुंचे।

यहां दो फायर करते हुए होटल के स्टाफ ललन सहनी और जितेंद्र कुमार के साथ मारपीट की, जबकि राजू सिंह के साथ गाली-गलौज की। बदमाशों ने कहा कि तुमलोग टैक्स नहीं देते हो, मालिक को कहो बॉस से मिलने, नहीं तो अंजाम बहुत बुरा होगा।

जांच के दौरान स्थानीय लोगों से पूछताछ करती पुलिस।
एक बच्चा बाल-बाल बच गया

होटल के बाद बदमाश रविंद्र महतो के श्रृंगार और ठंडा दुकान पर पहुंचे। यहां एक गोली चलाई। दुकान में सोया रविंद्र महतो का नाती डेढ़ वर्षीय दिलखुश बाल-बाल बच गया, गोली उसके बगल से गुजर गई। बदमाशों ने रविंद्र महतो की पत्नी सुदामा देवी को धमकी दी। इसके बाद घाट पर मौजूद दो-तीन श्रद्धालु से भी छिनतई की गई।

बाद में दुकानदार जब एकजुट हुए तो तीनों बदमाश फायरिंग करते हुए बगैर नंबर की बाइक से भाग गए। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो सदर-टू डीएसपी के नेतृत्व में सर्किल इंस्पेक्टर और चकिया थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे दुकानदारों से पूछताछ की है।

घटना से आक्रोशित होकर घाट पर स्थित करीब 200 दुकानों को सभी ने बंद कर दिया है। पुलिस के समझाने पर भी यह लोग दुकान नहीं खोल रहे हैं। दुकानदारों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमरिया घाट का सरकार काफी विकास कर रही है। यहां बिहार के विभिन्न हिस्से से लेकर नेपाल तक से बड़ी संख्या में रोज श्रद्धालु गंगा स्नान और अंतिम संस्कार करने के लिए आते हैं।

लेकिन रात ही नहीं दिन में भी श्रद्धालुओं के साथ छिनतई होती है, गोली चलती।

श्रद्धालुओं से भी छिनतई

कहा गया कि सरकार को करीब 8 करोड़ रुपए राजस्व देने वाला यह सिमरिया घाट भगवान भरोसे है। पुलिस अधिकारी आते हैं, सुरक्षा की बात होती है, लेकिन सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है।

CCTV लगे, जब तक सुरक्षा की स्थायी व्यवस्था नहीं होगी, कोई भी दुकान नहीं खुलेगी। दुकानदारों और मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया है कि सिमरिया घाट में पुलिस बल को दिया जाता है तो वह घाट से बहुत दूर पुल के नीचे बने भवन में सोई रहती है। चकिया थाना में जब से नीरज कुमार थाना प्रभारी के रूप में आए हैं, रोज अपराध हो रहा है।

सूचना देने के बावजूद पुलिस लेट से आती है। सिर्फ स्थानीय व्यवसायी के साथ ही घटना नहीं होती है, बल्कि श्रद्धालु रोज छिनतई के शिकार हो रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही बीहट नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद ऋषिकेश, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कुमार राजा और घाट ठेकेदार दिलीप सिंह भी पहुंचे।

आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी

सदर-टू डीएसपी पंकज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हम लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए 3 जगह पर फायरिंग की है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। आवेदन नहीं मिला है, आवेदन के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सिमरिया घाट पर सुरक्षा का पूरा इंतजाम किया जाएगा।

 

Darbhanga Office: