पटना जंक्शन में ट्रैक डूबे, ट्रेनें फंसी:स्टेडियम, NMCH कैंपस, विधानसभा में भरा पानी; बाजार-सड़कें बनीं तालाब; 6 जिलों में भारी बारिश, 27 में अलर्ट।

पटना में रविवार रात से लगातार हो रही बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। रेलवे स्टेशन, गांधी मैदान, स्टेडियम, नालंदा मेडिकल कॉलेज कैंपस समेत कई इलाके में भारी जलजमाव है।

पटना जंक्शन के बाहर 2 फीट तक पानी भर गया, रेलवे ट्रैक डूबे हैं। जिसके कारण कई ट्रेनें फंसी हुई है। खास कर पटना-गया लाइन की पैसेंजर ट्रेन अलग-अलग स्टेशन पर रुकी हुई है। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।

राजधानी के कंकड़बाग और पटना सिटी में भी ऐसे ही हालात हैं। लोगों को आने जाने में काफी परेशानी हो रही है। राजेंद्र नगर रेलवे टर्मिनल के बाहर भी पानी भरा हुआ है। डाकबंगला चौराहे पर भी 3 से 4 फीट तक पानी भरा हुआ है।

बारिश की वजह से पटना के कुछ प्राइवेट स्कूल आज बंद हैं। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कटिहार दौरा रद्द हो गया है। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाएगा।

पटना के पॉश इलाके एसके पूरी में सड़क तालाब में तब्दील हो चुकी है। लोगों चप्पलें हाथ में लेकर सड़क पार कर रहे हैं। गाड़ियों के चक्के डूबे हुए हैं। खेतान मार्केट के कई दुकानों में पानी भर गया है।

सामान भींगने से दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। मार्केट की ज्यादा दुकानें आज बंद है। पटना में बीते 24 घंटे में 333.2 मिमी बारिश हुई।

इधर, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तेज बारिश शुरू हो गई।, मोतिहारी, बांका, सिवान, नवादा, गोपालगंज में बारिश के बाद जलजमाव के स्थिति उत्पन्न हो गई है। बेतिया में भी बारिश के बाद गर्मी से लोगों को राहत मिली है।

बारिश के बाद तस्वीरों में देखिए पटना का हाल….

पटना जंक्शन में रेलवे ट्रैक डूब गए हैं।
पटना सिटी में भी जलजमाव हो चुका है।
पटना जंक्शन के बाहर 2 फीट पानी भरा हुआ है।
बिहार विधानसभा कैंपस में पानी भर गया है।
गांधी मैदान में पानी भर गया है।
बांकीपुर अंचल में पटना नगर निगम का ऑफिस डूबा।
ये तस्वीर चिड़ैयाटाल पुल की है, जहां सड़क पर गड्ढा होने के कारण एक ई-रिक्शा पलट गया।

दूसरे जिलों में बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति।

बिहार के दूसरे जिलों में सोमवार को तेज बारिश हुई। बारिश के बाद कई जिलों मे पानी भर गया। मुंगेर में तेज बारिश के बाद पाटम रेलवे हॉल्ट के पास पुलिया के नीचे से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया।

नवादा में तेज बारिश के बाद पावर हाउस डूब गया, जिससे जिले में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। यहां सदर अस्पताल में पानी भरा है। नालंदा में भी सड़कों पर पानी भरा है। बिहार शरीफ का मॉडल अस्पताल परिसर में जलजमाव है।

मुंगेर में तेज बारिश के बाद पाटम रेलवे हॉल्ट के पास पुलिया के नीचे से पानी का तेज बहाव।
कुछ घंटों की बारिश के बाद नालंदा के कई इलाकों में पानी भर गया है।
नवादा में सदर अस्पताल में भरा पानी।

27 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को राज्य के 27 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, इन जिलों में बारिश और गर्जन के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना भी जताई गई है।

इन जिलों में लोगों को बाहर निकलने से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है, ताकि वे आंधी, बिजली और तेज बारिश की स्थिति में सतर्क रह सकें।

Darbhanga Office: