समस्तीपुर में दो गुटों के बीच मारपीट:नाली में पानी बहाने को लेकर हुआ था विवाद; झगड़े में सास-ससुर और बहू घायल।

समस्तीपुर में दो गुट आपस में भिड़ गए। ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे से एक दूसरे पर हमला किया। मारपीट में एक पक्ष से सास-ससुर समेत तीन लोग घायल हो गए। इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है।

नाले में पानी बहाने को लेकर विवाद हुआ था। घायलों की पहचान ससुर मदन पोद्दार(60), सास ऊषा देवी(55) और बहू जयंती कुमारी(30) के तौर पर हुई है। घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव की है।

घायल सास-बहू को अस्पताल लाया गया।

पड़ोसी से विवाद हुआ था

घायल जयंती कुमारी ने बताया कि घर के बाहर गंदा पानी बहाने के लिए एक गड्‌ढा बनवाया था। पानी भरने पर उसे बहा देती थी। इसी बात को लेकर पड़ोसी रामानंद पोद्दार से विवाद हो गया। बात बढ़ने पर हमने सोख्ता बनवाने की बात कही थी, लेकिन वो लोग नहीं माने। रामानंद के परिवार के सदस्यों ने हमलोगों पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। उसके बाद अस्पताल में भर्ती कराया।

वहीं, दूसरे पक्ष से रामानंद पोद्दार की पत्नी अनीता देवी ने कहा कि पड़ोसी मदन पोद्दार मेरे घर के बगल में खाली जमीन पर नाली बनाना चाहते हैं। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

आवेदन मिलने के बाद पुलिस कार्रवाई करेगी

वहीं, सरायरंजन थाना प्रभारी प्रताप कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। डायल-112 की टीम को गांव भेजा गया है। अभी किसी भी पक्ष से आवेदन नहीं मिला है। दूसरे पक्ष से संपर्क किया गया है। आवेदन मिलने के बाद, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Darbhanga Office: