दरभंगा के बहादुरपुर ब्लॉक में पानी की दिक्कत है। कई महीनों से लोग परेशान हैं। जल संकट के विरोध में शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लहेरियासराय-बहेड़ी मुख्य सड़क को मिर्जापुर चौक के पास जाम कर दिया।
हल्की बारिश के बीच करीब चार घंटे तक रोड जाम रखा। इस दौरान दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतारें लग गई। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज जाने वाले स्टूडेंट और आम यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे और नारेबाजी करते रहे।
शिकायत करने के बाद भी कुछ नहीं हुआ
सीपीएम नेता श्याम भारती ने कहा, ‘बहादुरपुर प्रखंड में महीनों से पानी की किल्लत है। नल-जल योजना पूरी तरह फेल हो गई है। अधिकांश चापाकल खराब है। नई बोरिंग लगाने का काम अधर में है। पहले PHED पदाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन हुआ था। उस समय आश्वासन मिला था कि बड़े पैमाने पर बोरिंग और चापाकल लगवाए जाएंगे। इसके बाद 22 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल ने PHED कार्यालय में चीफ इंजीनियर से मुलाकात की। उन्होंने कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया था। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।’
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि जाम के दौरान एसडीओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन सभी का मोबाइल बंद था। थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे थे। हमलोगों ने साफ तौर पर कहा दिया कि जब तक बहादुरपुर प्रखंड के हर घर में पानी की व्यवस्था नहीं की जाती। तब तक हमारा यह आंदोलन जारी रहेगा।
बहादुरपुर में जल संकट की समस्या चरम पर है। लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। न सांसद ही कुछ बोल रहे हैं और न ही मंत्री। ऐसी स्थिति में जनता के पास आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। जाम से लोगों को परेशानी हुई है, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने हमें मजबूर कर दिया है।
जल्द होगा समस्या का समाधान
वहीं, जाम की सूचना मिलने के लहेरियासराय एसडीओ शिव कुमार मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवालाय। उन्होंने कहा कि आम जनता को जलापूर्ति करवाने के लिए लाइनअप किए हुए थे। बारिश के चलते थोड़ा बिलंब से पहुंचा है। इस वजह से दिक्कत हुई है। पानी के टैंकर की व्यवस्था कर रहे हैं। जहां-जहां दिक्कत है, वहां लेबर टीम भेजा जा रहा है। कुछ पंचायतों में मैंने खुद निरीक्षण किया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।