दूसरी सोमवारी आज . हजारों श्रद्धालु करेंगे जलाभिषेक, मंदिर समिति व प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्था।
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सोमवार की सुबह मंदिर का पट खोला जाएगा। विशेष पूजा के बाद श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे। हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 12 दंडाधिकारी, 50 पुलिस अधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर परिसर में सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हैं।
अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। सभी को कतार में लगकर जलाभिषेक करने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के प्रवेश के लिए पश्चिम दिशा का गेट खोला जाएगा। निकासी उत्तर दिशा के गेट से होगी। मंदिर प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु कीमती गहने पहनकर मंदिर न आएं। जलाभिषेक मंदिर की व्यवस्था के अनुसार ही करें।
चैन स्नेचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। सोमवारी को देखते हुए प्रशासन ने सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। मंदिर की सभी सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई है। यातायात थाना के सामने मुख्य सड़क पर वाहनों को रोका जाएगा। दक्षिण दिशा से भी कोई वाहन मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा।
मंदिर के पिछले द्वार पर भी नो एंट्री लगा दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। श्रद्धालुओं के जलाभिषेक करने को लेकर कमेटी के लोगों द्वारा गंगाजल की विशेष व्यवस्था की गई है। जो श्रद्धालु अपने साथ गंगाजल नहीं ला पाएंगे, वह मंदिर परिसर में गंगाजल प्राप्त कर जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके लिए गंगाजल की विशेष व्यवस्था की गई है।
वही मंदिर परिसर में बने कुआं से भी जल लेकर जलाभिषेक करेंगे। सोमवारी को देखते हुए फूलों की दुकानें भी रात से ही सज गई है। दुकानदार सभी प्रकार के फूल बेलपत्र लेकर बैठे हुए हैं। श्रद्धालु अपनी सुविधा अनुसार फूल बेलपत्र ले सकते सकेंगे। साथी जलाभिषेक के समय फूल बेलपत्र भी चढ़ाएंगे। इसके लिए फूल दुकानदार मंदिर परिसर एवं आसपास की सड़कों पर अपनी दुकान सजाए हुए हैं।
मंदिर परिसर में गंगाजल की भी है व्यवस्था, सुविधाओं पर जोर ।