बेगूसराय में रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है। बखरी ब्लॉक में में तेज बारिश से डायवर्सन बह गया। जिसके चलते बखरी-बिथान रोड पर आवाजाही ठप हो गई है। एक साल पहले ही सड़क बनी थी। सूचना मिलते ही ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे।
ग्रामीण विद्यानंद ठाकुर ने बताया कि एक साल पहले बखरी से चकहमीद होते हुए शीतल रामपुर तक सड़क की मरम्मत कराई गई थी। रोजाना हजारों लोग इस मार्ग से आते-जाते हैं। ठीक तरीके से काम नहीं किया गया है। चकहमीद के पास पहले डायवर्सन था, लेकिन रोड बनाते समय उसे तोड़कर छोटा कर दिया गया था।
हमलोग पहले से वहां पुलिया बनाने की मांग कर रहे थे, लेकिन डायवर्सन को भी छोटा कर दिया गया। रात में तेज बारिश हुई थी। बारिश के बाद पानी के तेज बहाव में डायवर्सन बह गया। पिछले साल भी ऐसा ही हुआ था।
अगर काम पर ध्यान देते तो ऐसा नहीं होता
वहीं, रामविलास महतो ने कहा कि अधिकारियों ने अच्छे से काम करवाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी काम नहीं हुआ। अगर समय पर ध्यान देते तो असुविधा नहीं होती। इस जगह से पूरे इलाके का पानी बाहर होता है। पानी के दबाव के कारण ऐसा हुआ।
24 घंटे में ठीक हो जाएगा
ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंता जितेंद्र कुमार ने कहा, ‘सड़क अभी मेंटेनेंस पीरियड में है। यहां एक छोटा सा पुलिया था, जिस पर पानी का दबाव ज्यादा पड़ने से क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क पर आवागमन ठप हो गया है। 24 घंटे के अंदर इसे ठीक कर लिया जाएग।’