मुजफ्फरपुर:जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में 7 जुलाई को हुई पंचायत रोजगार सेवक की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझ गई है. इस सनसनीखेज वारदात को मृतक की पत्नी ने ही अंजाम दिया था. रविवार को विशेष जांच दल (SIT) को अहम सुराग मिला, जिसके आधार पर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया. सोमवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया.
पत्नी ने की थी पति की हत्या: पूछताछ में मृतक की पत्नी ने हत्या की योजना बनाने और उसे खुद अंजाम देने की बात कबूल की है. उसने पुलिस को बताया कि उसे पति पर किसी अन्य महिला से अवैध संबंध होने का शक था. साथ ही अक्सर पति मेरे साथ मारपीट करता था, जिससे यह डर सताने लगा था कि एक दिन वह मुझे जान से मार देगा.
“7 जुलाई की रात जब पति अकेले कमरे में सो रहे थे, तभी पत्नी ने चाकू से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. उसने पहले उनका गला रेता, फिर आंखें फोड़ दी, जांघ चीर दी और सिर, सीने और पीठ पर कुल 17 बार वार किए. हमले के बाद उसने साक्ष्य मिटाने की कोशिश करते हुए CCTV का DVR और दोनों मोबाइल फोन घर के पास नाले में फेंक दिए, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया.”– सुशील कुमार, एसएसपी
‘खेल बड़ा ही खेलूंगी’: महिलाखुद UPSC और BPSC की परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी. वह दो बार UPSC और एक बार BPSC की परीक्षा भी दे चुकी थी. पुलिस को उसके कमरे की दीवार पर एक संदेश लिखा मिला, “हारना मंजूर है मुझे, पर खेल बड़ा ही खेलूंगी.”
क्षत-विक्षत हालत में मिला था शव: SSP सुशील कुमार ने बताया कि काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में 7 जुलाई की रात एक युवक की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई थी. मृतक की पहचान वैशाली जिले के निवासी रूप में हुई थी, जिनका शव उनके किराए के कमरे में क्षत-विक्षत हालत में बेड के नीचे से बरामद किया गया था.
पत्नी ने की थी प्लानिंग:घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक पूछताछ में मृतक की पत्नी ने बयान दिया कि वह और उनका पति अलग-अलग कमरों में सो रहे थे. रात में चोर घर में घुसे और डकैती के दौरान हत्या कर दी गई. उन्होंने बताया कि चोर घर से सोना-चांदी और अन्य सामान भी लूट ले गए.
बार-बार बयान बदल रही थी पत्नी: पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो घर में सामान बिखरा हुआ मिला और शव बेड के नीचे पड़ा था. जांच के दौरान मृतक की पत्नी के बयान में बार-बार बदलाव आया, जिससे पुलिस को संदेह हुआ. दो दिन बाद दर्ज करवाई गई FIR में पत्नी ने कहा कि डकैत घर में घुसे और चाकू की नोंक पर उसे बंधक बनाकर उसके पति की हत्या कर दी.
पति पर अफेयर का था शक:बयान में लगातार बदलाव और कुछ अन्य संदेहास्पद बिंदुओं के आधार पर पुलिस ने गहनता से जांच शुरू की. इस दौरान खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी को शक था कि उसके पति का किसी अन्य महिला से अफेयर था. उसने यह भी बताया कि पति उसे प्रताड़ित करता था और जान से मारने की धमकी देता था. उसने पुलिस को कुछ फोटो भी दिखाए.
पति का मोबाइल नाले में फेंका: गहन पूछताछ में महिला ने हत्या की बात कबूल कर ली. उसने बताया कि घटना की रात करीब डेढ़ बजे उसने सबसे पहले घर में लगे सीसीटीवी का DVR निकालकर बाहर फेंक दिया था. इसके बाद, जब पति सो रहे थे, तो उसने चाकू से शरीर के कई हिस्सों पर वार कर उनकी हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने अपने और पति के मोबाइल फोन घर के पास एक नाले में फेंक दिया.