मटेश्वर धाम में पहले सोमवारी को आएंगे 2 लाख श्रद्धालु:सहरसा में सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेडिंग, स्वयं प्रकट हुआ था काला शिवलिंग।

सहरसा में स्थित बाबा मटेश्वर धाम एक प्राचीन शिव मंदिर है। सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल के बलवाहाट स्थित कांठो पंचायत में यह मंदिर पूजा-अर्चना और मांगलिक कार्यों के लिए प्रसिद्ध है। सावन के पहला सोमवारी में 2 लाख से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक को लेकर तैयारी की गई है।

18 एकड़ के विशाल मंदिर परिसर में स्थित शिवलिंग काले पत्थर से बना है। यह स्वयं भू है, जो पाताल से निकला प्रतीत होता है। शिवलिंग के चारों ओर अष्टकोणीय जलाशय है। इस जलाशय की विशेषता यह है कि गर्मी के महीनों में इसका जलस्तर बढ़ जाता है और बारिश के मौसम में घट जाता है। वैज्ञानिक और पुरातत्वविद भी इस जल के स्रोत का रहस्य नहीं समझ पाए हैं।

मंदिर का शिवलिंग काले पत्थर से बना है।
श्रावण मास के पहले सोमवार को करीब दो लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। पिछले साल सावन में 10 लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया था।

शिवलिंग के चारों ओर अष्टकोणीय आधार

कांवड़िया संघ के अध्यक्ष मुन्ना भगत ने बताया कि 20 जनवरी 2007 को पुरातत्व विभाग के तत्कालीन निदेशक डॉ. फनीकांत मिश्र ने मंदिर का निरीक्षण किया था। उन्होंने कहा था कि मैंने देशभर में कई शिवलिंग देखे हैं। लेकिन इस तरह का कहीं नहीं देखा।

यहां के शिवलिंग के चारों ओर अष्टकोणीय आधार है और ऊपर से गोलाकार है। उन्होंने इस शिवलिंग के दर्शन को अपने जीवन का सौभाग्य बताया।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक डॉ अरुण कुमार यादव ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर परिसर में मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, लाइटिंग, पार्किंग और शौचालय की सुविधाएं उपलब्ध हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग लगाए गए है।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात

सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बैरिकेडिंग की गई है और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया जा रहा है। कांवड़ मार्ग के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल अलर्ट मोड में है।

सिमरी बख्तियारपुर एसडीएम और एसडीपीओ के संयुक्त आदेश पर मट्टेश्वर धाम में श्रद्धालुओं के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी साथ ही पुलिस बल की तैनाती की गयी है।

 

Darbhanga Office: