समस्तीपुर में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार स्टूडेंट को टक्कर मार दी। घटनास्थल पर ही मौत हो गई। विरोध में ग्रामीण और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया।
मृतक सचिन कुमार(19) अंगार घाट थाना क्षेत्र के बिरनामा तुला वार्ड नंबर-15 का रहने वाला था। बीए पार्ट-2 का छात्र था। घटना रोसड़ा मुख्य मार्ग के डढ़िया असाधर शिव मंदिर के पास की है।
साइड लेने के दौरान हादसा
दादा कृष्ण देव कुमार ने बतलाया कि शुक्रवार देर रात परिजन सचिन की बहन को डिलीवरी के लिए समस्तीपुर लेकर गए थे। डॉक्टर का प्रिस्क्रिप्शन घर पर ही छूट गया था। जिसे लेकर सचिन जा रहा था। मंदिर के पास ईंट लोडेड ट्रैक्टर से साइड लेने के दौरान सामने से आ रही गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में इकलौते पोते की मौत हो गई। बलिराम भगत महाविद्यालय में पढ़ता था। अंधेरे का फायदा उठाकर ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया।
केस दर्जकर जांच में जुटी पुलिस
जाम की सूचना पर स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अंगारघाट थानाध्यक्ष शिव ज्योति कुमारी ने बताया कि परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवा दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। केस दर्जकर मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।