बिहार को लेकर जारी किये पूर्वानुमान में पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 9 और 10 जुलाई को राज्य के कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं. इन जिलों में तेज हवा चलने के साथ वज्रपात और ठनका गिरने की संभावना है.
बिहार में मानसून की गति धीमी हो गई है. मानसून की एंट्री के बाद कुछ जिलों में जमकर बारिश हुई. इस वजह से मौसम सुहाना हुआ. लेकिन धीरे-धीरे मानसून की गति कम हो गई और लोग भीषण गर्मी से बेहाल हो रहे हैं. इसी बीच पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया है कि 9 और 10 जुलाई को बिहार के कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और ठनका के आसार हैं.
बिहार के 17 जिलों में बारिश के आसार
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने अपने अपडेट में बताया कि 9 और 10 जुलाई बिहार के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. इसे लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है. मौसम विभाग ने बिहार के वेस्ट-ईस्ट चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा और मधेपुरा में बारिश की चेतावनी जारी की है.
बिहार के इस जिले में सबसे अधिक बारिश
पटना मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार रविवार को किसी भी जिले में भारी बारिश नहीं हुई. सबसे अधिक बारिश नवादा में 38.2 मिमी दर्ज की गई. दूसरे स्थान पर रोहतास रहा, यहां 37.8 मिमी बारिश हुई. इसके अलावा बक्सर में 34.02 मिमी और भभुआ में 30.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. कटिहार, मधेपुरा, अरवल, गया, भागलपुर, भोजपुर, अररिया, पूर्णिया आदि में 8 से 25 मिमी के बीच बारिश दर्ज की गई.
बिहार के इन जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि अगले 2 से 3 दिन तक सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, पटना, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा और जहानाबाद जिले में बारिश, मेघगर्जन और ठनका गिरने के आसार नहीं है. इन जिलों में किसी प्रकार का अलर्ट जारी नहीं हुआ है.