सहरसा के प्रेक्षा गृह में साल 2025 के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कोसी प्रमंडल के DIG मनोज कुमार, सहरसा के जिला उप विकास आयुक्त संजय कुमार निराला, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, तथा अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह में DIG मनोज कुमार द्वारा 303 नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिनमें 160 पुरुष और 143 महिला सिपाही शामिल हैं। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और कहा कि वे अब बिहार पुलिस संगठन का अभिन्न हिस्सा बन चुके हैं। इस दौरान बिहार पुलिस का शपथ और शराबबंदी का शपथ सभी जवानों को दिलाया गया। DIG ने अपने संबोधन में कहा, “जब आप आम नागरिक थे तो पुलिस से क्या अपेक्षा रखते थे, अब वही अपेक्षा समाज आपसे करेगा। ईमानदारी और कर्तव्य परायणता ही आपकी सबसे बड़ी पूंजी है।”
नवचयनित सिपाही को नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंपते DIG मनोज कुमार।
‘बिहार पुलिस का हिस्सा बनने पर गर्व’
समारोह में शामिल नवचयनित सिपाहियों ने भी अपनी भावनाएं साझा कीं। खगड़िया के रुस्तम कुमार ने कहा कि, ‘बचपन से ही पुलिस सेवा में जाने का सपना था, जो आज पूरा हुआ है।’ वहीं जमुई के मनीष मिश्रा ने बताया कि, ‘मैं एक किसान परिवार से आता हूं और घर में कोई भी सरकारी सेवा में नहीं था।’ उन्होंने कहा कि, ‘मैं देश सेवा और अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने को प्रतिबद्ध हूं।’
डेजी कुमारी जमुई जिले की निवासी हैं, उन्होंने बताया कि उनके परिवार में भी कोई सरकारी नौकरी में नहीं था। उन्होंने मां-पिता की उम्मीदों को पूरा करने के लिए मेहनत की और अब बिहार पुलिस का हिस्सा बनने पर गर्व महसूस कर रही हैं।
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में शपथ लेते सिपाही।
बेहतर पुलिसिंग होगी सुनिश्चित
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने कहा कि, ‘पुलिस सेवा एक अनुशासित बल है, और इसमें सेवा भावना, अनुशासन एवं तत्परता जरूरी है।’ उन्होंने आशा जताई कि इन नए जवानों से जिले में बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित हो सकेगी। जबकि समारोह न सिर्फ नवचयनित सिपाहियों के लिए गर्व का क्षण रहा, बल्कि समाज के लिए भी यह उम्मीद की किरण बना कि युवा अब जिम्मेदारी के साथ आगे आ रहे हैं।