बिहार में राजस्थान से आए दूल्हे के साथ ठगी, ससुराल पहुंचने से पहले लुटेरी दुल्हन 2 लाख लेकर फरार ।

 

बक्सर:बिहार के बक्सर में शादी का झांसा देकर ठगी करने वाली एक लुटेरी दुल्हन और उसके पूरे गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरोह राजस्थान के एक परिवार से करीब दो लाख रुपये नकद और कीमती सामान लेकर फरार हो गया था. शिकायत मिलने के बाद नगर थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात पूरे गिरोह को धर दबोचा.

फर्जी पहचान और झांसे की शादी: राजस्थान के एक परिवार को एक महिला ने शादी का प्रस्ताव देकर बक्सर बुलाया. व्हाट्सएप पर 15 से अधिक लड़कियों की तस्वीरें भेजी गईं, जिनमें से एक लड़की पसंद आने के बाद शादी की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई. लड़की ने खुद को ब्राह्मपुर निवासी बताया लेकिन पुलिस जांच में वह नया भोजपुर ओपी के चिल्हरी गांव की रहने वाली पाई गई.

बक्सर में लुटेरी दुल्हन 

होटल में मिला ‘ससुराल’, फिर ठगी: ठगी के इस नए अंदाज को देखकर पुलिस भी हैरान है. ठगी करने वालो ने अपने व्हाट्सप डीपी में बक्सर एसपी की तस्वीर लगाकर राजस्थानी परिवार को बक्सर के होटल में ठहराया. जहां दुल्हन पक्ष के लोग उनसे मिले. होटल में 3000 रुपये का खाना खिलाया गया और शगुन के तौर पर महंगे सामान खरीदे गए. इसके बाद दुल्हन और उसके साथियों ने नकद और सामान लेकर चुपचाप फरार हो गए.

बक्सर में लुटेरी दुल्हन गिरफ्तार:घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार ने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई. थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह और सहायक थाना प्रभारी रमन राउत ने तीन स्तर की घेराबंदी करते हुए शहर के आईटीआई फील्ड के पास से लुटेरी दुल्हन समेत पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया.

बक्सर में लुटेरी दुल्हन 

“मेरे बड़े भाई अनिल कुमार से यहां के एक महिला ने पहले संपर्क कर खुद को अविवाहित लड़कों का विवाह कराने वाली बताकर 15 से ज्यादा लड़कियों की तस्वीर व्हाट्सप पर भेज दी जो लड़की पसंद आई. उसका आधार कार्ड पर नाम और पता ब्राह्मपुर का था. जबकि पुलिसिया जांच में लड़की नया भोजपुर ओपी के चिल्हरी गांव की रहने वाली बताई जा रही है.”-अशोक कुमार, दूल्हा का भाई

गिरफ्तार आरोपियों में कौन-कौन?:गिरफ्तार किए गए लोगों में लुटेरी दुल्हन, उसका पति, एक महिला दलाल, होटल का गार्ड और एक एम्बुलेंस चालक शामिल हैं. पुलिस के अनुसार यह गिरोह पहले भी हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है.

“शिकायत मिलते ही कार्रवाई करते हुए तीन तरफा घेराबंदी की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह को शहर छोड़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया.”– मनोज कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष, बक्सर

Darbhanga Office: