समाज कल्याण मंत्री ने दिव्यांगों के बीच किया ट्राई साईकिल का वितरण।

दरभंगा: जिला दिव्यांग सशक्तिकरण कोषांग द्वारा शनिवार को बैटरी चालित ट्राई साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार प्रांगण में इस कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिहार सरकार समाज कल्याण विभाग के मंत्री मदन सहनी ने लाभुकों को ट्राई साइकिल की चाबी दी। कार्यक्रम में 81 दिव्यांगों को बैटरी मोटर चालित ट्राई साइकिल दिया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि वे जब समाज कल्याण विभाग के मंत्री बने तब कई दिव्यांग उनसे ट्राई साइकिल की मांग को लेकर मिले। जब उन्होंने अपने विभाग के सचिव से बात की तो उन्होंने बताया कि ट्राई साईकिल विशिष्ट दिव्यांगों को ही देने का प्रावधान है। इसी दौरान मुख्यमंत्री के जनता दरबार में भी ट्राई साईकिल का मामला पहुंचा। जिसके बाद सीएम के निर्देश पर कार्य करते हुए नियम में बदलाव हुआ। अब वैसे दिव्यांग जो शारीरिक रुप से 60 प्रतिशत दिव्यांग हो, वैसे दिव्यांग छात्र जो अपने घर से 3 किमी दूर पढ़ने जाते हो और जो अपने घर से रोजी रोटी के लिए जाते हो उन्हें भी ट्राई साईकिल दी जा रही है। पहले वर्ष में मात्र 10 हजार दिव्यांगों को ही ट्राई साईकिल देने का नियम था लेकिन अब कोई सीमा निर्धारित नहीं है। साथ ही मंत्री ने अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत लाभुकों को 100000 की सावधि जमा प्रमाण पत्र प्रोत्साहन राशि भी दिए।

मौके पर अपर समाहर्ता दरभंगा राजेश झा राजा, नगर आयुक्त कुमार गौरव आदि मौजूद थे।

Darbhanga Office: