मधुबनी शहर के शहीद भगत सिंह कॉलोनी के लोग 15 सालों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। यहाँ की सड़कों और नालियों की खराब स्थिति के कारण बारिश के दिनों में जलभराव होता है, जिससे लोगों को गंभीर समस्याओं.
भगत सिंह कॉलोनी में सड़क न नाला गंदगी व जलजमाव से हो रही फजीहत मधुबनी । मधुबनी शहर के लहेरियागंज के समीप वार्ड पांच के अधीन शहीद भगत सिंह कॉलोनी के लोग करीब डेढ़ दशक से निगम की बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। वार्ड पांच में करीब दो हजार परिवार हैं। मगर पूरे वार्ड में न तो कहीं अच्छी सड़कें हैं, न ही नाले का निर्माण हुआ है। मधुबनी से कलुआही और राजनगर जाने वाली मुख्य सड़क लहेरियागंज के ठीक पूरब वाली काॅलोनी शहीद भगत सिंह काॅलोनी हैं। इसमें प्रोफेसर, डाक्टर, बैंकर, बिजनेस मैन, रंगकर्मी से लेकर पूर्व मंत्री व विधायक तक का आवास हैं। मगर आलम यह है कि हल्की बारिश में ही इस कालोनी की सड़क जलमग्न हो जाती है।
माेहल्लावासी अजय कुमार झा, अरुण कुमार झा, बबलू कुमार श्रीवास्तव, प्रमोद कुमार झा, अभिषेक कुमार झा आदि ने बताया कि करीब तीन महीने बरसात के दिनों में कालोनी जाने वाली सड़क पर जलजमाव रहता है। लोगों को घराें से निकलना मुश्किल हो जाता है। कालोनी की जर्जर सड़क के साथ नाले भी नहीं हैं, इस वजह से यहांं से जलनिकासी संभव नहीं हो पाता है। मुरारी कुमार झा, नीतीश रंजन, रामबालक ठाकुर , नबोचंद्र झा आदि ने बताया कि इस मोहल्ले में रात के समय कोई गंभीर रूप से बीमार हो जाता है तो यहां तक एंबुलेंस भी आने में आनाकानी करती है।
इस परिस्थिति में मरीजों को दो तीन लोगों के सहारे पानी में उतरकर एंबुलेंस तक ले जाने की मजबूरी बन जाती है। सफाई के नाम पर खानापूर्ति : काॅलोनी में प्रतिदिन साफ-सफाई भी नहीं होती है। अरुण कुमार झा, अजय झा, प्रमोद कुमार झा, नबोचंद्र झा आदि ने बताया कि इस मोहल्ले में साफ-सफाई भी नियमित नहीं हो रही है।
सड़कों पर पानी भराव रहता है। इस वजह से वहां तक मजदूर भी कचरा उठाव करने नहीं आ पाता है। वे लोग अब सीनियर सिटीजन की श्रेणी में हैं, सड़क नहीं बनने की वजह से जलभराव रहता है। इस वजह से वे लोग सुबह और शाम को टहलने भी नहीं निकल पाते हैं। कई जगहों पर फिलसल की स्थति भी है। पूर्व में बने नाले भी ध्वस्त हो चुके हैं।
मोहल्ले से कई काॅलोनियों का है जुड़ाव: शहीद भगत सिंह मोहल्ले से कई काॅलोनियों का आपस में सीधा जुड़ाव है। इस काॅलोनी से हर्ट अस्पताल मंगरौनी, रामजानकी कालोनी, भक्तिपुरम कालोनी, विवेकपुरम कालोनी से मिलती है। लोग समय बचाने के लिए सीधे इस काॅलोनी से निकलकर मंगरौनी एकादश रुद्र महादेव तक समय और दूरी बचाने के लिए पहुंचते हैं, मगर डेढ़ दशक बाद भी कालोनी के लोग सड़क, नाला और अन्य बुनियादी सुविधा पाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं।
मोहल्ले वासी का कहना है कि वे लोग केवल निगम को टैक्स दे रहे हैं बदले में बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही है। लोगों का कहना है कि निगम के अधिकारी इस काॅलोनी में व्याप्त समस्याओं को लेकर उदासीन हैं। निरीक्षण कर अविलंब समाधान की दिशा में कदम उठाना चाहिए। अनूसूचित जाति प्राथमिक स्कूल तक पहुंचने में गंदे पानी से हो रही परेशानी शहीद भगत सिंह काॅलोनी स्थित अनुसूचित जाति प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने का भी रास्ता नहीं है।
मुख्य सड़क से 500 मीटर रहने के बाद भी यहां तक पहुंचने वाली सड़क दशकों से जर्जर है। स्कूल तक जाने में बरसात के दिनों में छात्रों और शिक्षकों को पानी में उतरकर जाने की मजबूरी बन जाती है। सरकार भी एससी-एसटी आबादी पर सबसे अधिक ध्यान देने और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ढ़ोल पीटती है, मगर करीब 20 से 25 घरों को अच्छी सड़क नसीब नहीं है।
शहीद भगत सिंह काॅलोनी की बदहाली को देखते काॅलोनी के अरुण कुमार झा हुए डीएम, सीएम और पीएमओ को पत्र लिख चुके हैं। बारिश के बाद कालोनी की क्या स्थित रहती है उसपर पूरी वीडियो बनाकर साक्ष्य के रूप में भेज चुके हैं, मगर अबतक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई। उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि वार्ड नंबर पांच मुसहरी टोल जाने वाली सड़क में कई जगहों पर नल जल योजना की पाइप भी क्षतिग्रस्त है, इस वजह से इन सड़कों पर गहरा जलजमाव रहता है।
टैक्स देने के बाद भी सुविधाएं नहीं मिलती: शहीद भगत सिंह कालोनी में रहने वाले रंगकर्मी प्रो. महेन्द्र लाल कर्ण ने बताया कि मोहल्ला का पश्चिमी अंश वार्ड संख्या 4 के अधीन है जहां अभी तक सड़क और नाला के साथ ही जल नल योजना की पाइप तक नहीं आई है। सफाई कर्मी नियमित नहीं आते हैं। मोहल्ला का पूर्वी भाग वार्ड नंबर 5 के अंतर्गत आता है।
जहां सड़क नहीं है और सालों भर जल जमाव के कारण कीचड़ में आने जाने के लिए हजार से अधिक आबादी नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। कुछ लोगों को जल नल योजना का लाभ मिल रहा है। सप्ताह में एक दिन सफाई कर्मी नजर आते हैं। तीन वर्ष से नगर निगम को टैक्स दिया जा रहा है बदले में कोई सुविधा नहीं मिल रही है। स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। लोग अपने वार्ड सदस्य तक को पहचानते नहीं पहचानते हैं। बिजली विभाग को एडवांस में ही पेमेंट होने के बावजूद बिजली की घोर समस्या है।
विभाग द्वारा जारी शिकायत नंबर ,पावर हाउस नंबर पर लगातार फोन की व्यस्तता के कारण फोन का नहीं रिसीव होने से और परेशानी बढ़ जाती है। बोले जिम्मेदार नगर निगम मधुबनी में शामिल सभी वार्डों में तेजी से विकासात्मक कार्य हो रहे हैं। लगातार सभी वार्डों की विकास को लेकर पार्षदों के साथ बैठक में चर्चा होती है। हर वार्ड के लिए सड़क के साथ-साथ नाला निर्माण, नल-जल योजना आदि को दुरुस्त किया जा रहा है।
नगर निगम मधुबनी के अधीन वार्ड पांच शहीद भगत सिंह कालोनी में भी सड़क व नालों के निर्माण का प्रस्ताव है। यहां के लोगों को अन्य सुविधाएं भी मुहैया करायी जाएगी। मोहल्ले की जर्जर सड़कों का भी कायाकल्प होगा। सभी वार्ड पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्ड में विकासात्मक कार्यों के लिए योजनाएं लिखकर दी है। कई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। आनेवाले दिनों में सभी कार्य समय से पूरे कर लिए जाएंगे। -अरुण कुमार राय, मेयर, नगर निगम मधुबनी।
तीन वर्ष से नगर निगम को टैक्स दिया जा रहा है। बदले में कोई सुविधा नहीं मिल रही है। स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। लोग अपने वार्ड सदस्य तक को पहचानते नहीं हैं। बिजली विभाग को एडवांस में ही पेमेंट होने के बावजूद बिजली की घोर समस्या है। विभागीय अधिकारी और कर्मी अपना फोन तक नहीं उठाते हैं। साफ-सफाई का भी वही हाल है। जहां-तहां कचरा पसरा रहता है। -महेन्द्र लाल कर्ण, वरिष्ठ रंगकर्मी।