छोटे भाई ने बहन को मारी गोली:समस्तीपुर में 2 भाइयों के झगड़े में बीच बचाव करने गई थी।

समस्तीपुर के पटोरी थाना क्षेत्र के तारा धमौन गांव में बुधवार सुबह भाइयों के बीच विवाद हुआ। इसमें बहन ने बीच बचाव किया, तो छोटे भाई ने बहन पर ही गोली चला दी। गोली उसके दाहिने जांग में लगी है।

जख्मी सुमिता देवी को उपचार के लिए परिवार के लोगों ने समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में जख्मी का भाई दुलारचंद राम ने बताया कि वह चार भाई है। भाइयों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका है। उसके घर के सामने एक सरकारी चापाकल है, जिस पर वह टाटी घेर रहा था, ताकि अंदर महिलाएं आराम से स्नान आदि कर सकें।

इस बात का विरोध उसके अपने छोटे भाई कंचन राम ने किया। जिस कारण दोनों में कहासुनी होने लगी। इस दौरान दुलारचंद की बहन सुमिता देवी जो मां से मिलने के लिए मायके आई हुई थी। दोनों भाइयों को झगड़ा खत्म करने को लेकर बीच बचाव करने लगी। जिससे नाराज कंचन राम घर के अंदर गया और पिस्टल लाकर गोली चला दी ।

गोली सुमिता के दाहिने जांघ में लगी है। गोली की आवाज पर जुटे आसपास के लोगों ने सुमिता को आनंद-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

बीच बचाव करने में लगी गोली

पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि भाइयों के बीच आपसी विवाद को लेकर कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान बीच बचाव करने में सुमिता देवी को गोली लगी है। गोली मारने का आरोप सुमिता के अपने ही छोटे भाई कंचन पर है।

पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। गोली मारने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। पुलिस पदाधिकारी को पीड़ित का बयान लेने के लिए भेजा गया है। प्राथमिकी दर्ज कर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

Darbhanga Office: