बेगूसराय में खेलो इंडिया यूथ गेम्स चल रहा है। इसके तहत नेशनल फुटबॉल मैच के ग्रुप-B में आज पुरुष वर्ग का दो मैच खेला गया। बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम में बिहार और झारखंड व यमुना भगत स्टेडियम खेल गांव में मिजोरम और दिल्ली के बीच मैच हुआ।
बरौनी रिफाइनरी स्टेडियम में आयोजित मैच में झारखंड ने बिहार को 3-1 से रोमांचक मुकाबले में हरा दिया। बिहार के गोविंद शर्मा ने पहले हाफ में 11 वें मिनट पर 1 मात्र गोल किया। जबकि, दूसरे हाफ में बिहार की पुरुष टीम की तरफ से कोई गोल नहीं दागा गया।
झारखंड की तरफ से पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। जबकि, दूसरे हाफ में उनकी टीम ने शानदार खेल खेलते हुए 3 गोल दागे। झारखंड की ओर से 47 वें मिनट पर एरियल कजूर ने पहला गोल दागा। 71 वें मिनट पर जामदार कालुंडिया ने दूसरा गोल किया।
टीम को 3-1 से दिलाई जीत
85 वें मिनट पर एक और गोल झारखंड की तरफ से प्रीत सोना ने दागा और अपनी टीम को 3-1 से जीत दिला दी। खेल के दौरान 63 वें मिनट पर बिहार के खिलाड़ी कृष कुमार को और 84 वें मिनट पर एमडी सनावर को येलो कार्ड दिखाया गया।
खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
यमुना भगत स्टेडियम खेल गांव में ग्रुप- B पुरुष वर्ग में मिजोरम और दिल्ली के पुरुष टीम के बीच मैच खेला गया। जहां दोनों ही टीम के बीच काफी कड़ा और रोमांच से भरा मुकाबला रहा। जिसमें दिल्ली और मिजोरम के मैच का परिणाम 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ।
दिल्ली की ओर से उनके खिलाड़ियों ने मैच के पहले हाफ में कुल 2 गोल दागे। दिल्ली की ओर से राज ने दूसरे और पांचवें मिनट पर दो शानदार गोल किया। दूसरे हाफ में दिल्ली का कोई खिलाड़ी गोल नहीं कर सका। मैच के 53 वें और 82 वें मिनट पर रेफरी की ओर से दिल्ली के खिलाड़ी को येलो कार्ड दिखाया गया।
पहले हाफ में मिजोरम ने नहीं किया गोल
मिजोरम की टीम पहले हाफ में कोई गोल नहीं कर पाई। लेकिन दूसरे हाफ में मिजोरम के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए दो गोल दागे। 69 वें मिनट पर हेनरी लालहनजोवा ने और मैच के आखिरी मिनट पर बेंजमिन ने शानदार गोल करके मिजोरम को हार से बचा कर मैच को टाइ कर दिया।
78 वें मिनट पर रेफरी ने मिज़ोरम के खिलाड़ी को येलो कार्ड दिखाया। विभिन्न विद्यालयों के बच्चे मैच का लुफ्त उठाते नजर आए। खेलो इंडिया यूथ गेम्स का सिंबल गजसिंभा रिफाइनरी में आकर्षण का केंद्र रहा, दर्शक उसके साथ सेल्फी ले रहे थे। वह भी हाथ मिलाकर दर्शकों का अभिवादन कर रहा था।
खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते मेयर और अधिकारी
मेयर पिंकी देवी, उप मेयल अनिता राय, पूर्व मेयर संजय कुमार खेल पदाधिकारी ऐश्वर्य कश्यप सहित अन्य पदाधिकारियों और अतिथियों ने आइओसीएल ग्राउंड में खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका हौसला बढ़ाया। यमुना भगत स्टेडियम में तेघड़ा एसडीओ राकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका हौसला अफजाई किया।