जमुई में रेलवे क्वार्टर में करंट से रेलकर्मी की मौत; पत्नी की जान बचा ली मगर खुद को नहीं बचा सके

बिहार के जमुई में सोमवार की सुबह घर की सफाई कर रही एक महिला बिजली के करंट की चपेट में आ गई। इसके बाद उसे बचाने गए उसके पति की मौके पर ही मौत हो गई। मामला जिले के झाझा रेलवे कॉलोनी का है। मृतक की पहचान झाझा रेलवे मेमू कार शेड में काम करने वाले एमसीएम कर्मचारी पवन कुमार (40) के रूप में की गई है।

जानकारी के मुताबिक, पवन कुमार सोमवार की सुबह अपने सरकारी आवास रेलवे कॉलोनी आवास संख्या 276 में सो रहे थे। उस समय उनकी पत्नी पूजा कुमारी घर की सफाई कर रही थीं। तभी वह घर के लोहे के गेट को खोलने की कोशिश करने लगी। उसमें पहले से बह रहे बिजली के करंट की चपेट में आकर वह चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर पवन कुमार पहुंचा और अपनी पत्नी को करंट की चपेट से छुड़ाया। लेकिन पवन खुद करंट की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गए।

इसके बाद पड़ोसी उन्हें इलाज के लिए झाझा रेफरल अस्पताल ले गए। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी के बाद उसे देखने वाले रेलवे कर्मचारियों की भीड़ लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर झाझा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही मामले की छानबीन में जुट गई।

मृतक की पत्नी पूजा कुमारी ने बताया कि कई दिनों से उनकी कॉलोनी में करंट आ रहा था। इसे लेकर कई बार इसकी शिकायत रेलवे पावर हाउस के जेई अनिल कुमार को सूचना दी थी। लेकिन उसके बावजूद उसे ठीक नहीं कराया गया। इस लापरवाही से उसके पति की मौत हुई है। पीड़िता ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

जबकि जेई अनिल कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार द्वारा कोई शिकायत नहीं की गई। अब शिकायत ऑनलाइन की जाती है और उसका तुरंत समाधान भी किया जाता है। अगर किसी के द्वारा शिकायत की जाती है तो उसे जल्द हल कर लिया जाता है।

Darbhanga Office: