जमीन मापी को लेकर हिंसक झड़प, फरसे से मारा:सहरसा में दो लोग गंभीर रूप से घायल।

सहरसा नगर निगम क्षेत्र के सिमराहा में जमीन मापी के दौरान हुई हिंसक झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान नियामत टोला वार्ड नंबर 15/18 के निवासी मोहम्मद जसीम (27) और मोहम्मद अयूब (25) के रूप में हुई है। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

जमीन की मापी करवाया, फसरे से किया हमला

घटना उस समय हुई जब जसीम और अयूब अपनी जमीन की मापी करवा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मद असलम, मोहम्मद जाकिर और मोहम्मद रुस्तम वहां पहुंचे। आरोपियों ने बिना किसी पूर्व विवाद के ही फरसे से हमला कर दिया। दोनों पीड़ितों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।

परिजन घायलों को तत्काल सहरसा सदर अस्पताल ले गए। वर्तमान में दोनों का इलाज जारी है।

जमीन की मापी रुकवाने की कोशिश

पीड़ित पक्ष का कहना है कि विवादित जमीन पूरी तरह से उनकी है। आरोपियों ने अचानक आकर जमीन को अपना बताते हुए मापी रुकवाने की कोशिश की।

सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष व्याप्त है। पीड़ित पक्ष न्याय की मांग कर रहा है।

 

Darbhanga Office: