बिहार में कन्हैया कुमार के भाषण स्थल पर विवाद, सहरसा में युवाओं ने किया शुद्धिकरण।

कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार के भाषण स्थल को लेकर बिहार के सहरसा जिले में विवाद छिड़ गया है। अपनी ‘पलायन रोको पदयात्रा’ के दौरान कन्हैया कुमार मंगलवार देर रात बनगांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने दुर्गा मंदिर प्रांगण में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। बुधवार सुबह नगर पंचायत बनगांव के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित चौधरी के नेतृत्व में कुछ युवाओं ने उस स्थान को गंगाजल से धोकर शुद्ध किया। इस अभियान में विष्णु, माखन, आनंद, सूरज, सरोज और बादल समेत कई स्थानीय युवा शामिल थे।

इन युवकों का कहना था कि कन्हैया कुमार पर देशद्रोह का आरोप लग चुका है और उनके पुराने विवादित बयानों को लेकर लोग आज भी नाराज हैं। मंगलवार रात कन्हैया कुमार के आगमन पर स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवती स्थान पर पारंपरिक पाग, चादर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया था। लेकिन इस स्वागत के ठीक अगले दिन युवाओं द्वारा किए गए इस कदम से क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है।

Darbhanga Office: