सहरसा में मद्यनिषेध विभाग ने शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 5 से 9 मार्च के बीच चलाए गए विशेष अभियान में 466.950 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। इसमें 416.500 लीटर देसी चुलाई शराब और 50.450 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसको लेकर सोमवार को मद्य निषेध विभाग के सहायक आयुक्त संजीव कुमार ठाकुर ने जानकारी दी।
विभाग ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन से निगरानी की। तीन अवैध चुलाई अड्डों पर छापेमारी में 39,885 किलोग्राम जावा महुआ मौके पर ही नष्ट किया गया। शराब की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी जब्त किए गए।
अभियान के दौरान 16 मामले दर्ज
प्रशासन ने पड़ोसी जिलों मधेपुरा, खगड़िया, सुपौल और दरभंगा से आने वाले वाहनों की जांच कड़ी कर दी है। अभियान के दौरान कुल 19 मामले दर्ज किए गए। 7 लोग शराब पीने और 12 लोग शराब परिवहन और बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मद्यनिषेध विभाग को सतर्कता बरतने के निर्देश
होली त्योहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने मद्यनिषेध विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद सहरसा के सहायक आयुक्त मद्यनिषेध को शराब से जुड़ी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने का आदेश दिया है। पूर्व में चिह्नित स्थलों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।