सहरसा में सड़क हादसे में युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम।

सहरसा। जिले के बलवा थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बरसम गांव निवासी शिवन राम के 25 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है। दिलीप मजदूरी करता था और वह पांच भाई-बहनों में चौथे स्थान पर था।

परिजनों के अनुसार, दिलीप मदनपुर चौक के पास टहलने के लिए निकला था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दिलीप को देखा और उसके परिजनों को सूचना दी। डायल 112 पुलिस की मदद से एंबुलेंस से उसे बरियाही स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन सहरसा सदर अस्पताल पहुंचते ही दिलीप ने दम तोड़ दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चार महीने पहले ही प्रदेश से मजदूरी कर लौटकर आया था। पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Darbhanga Office: