किशनगंज में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक नए तरीके का भंडाफोड़ किया है। गलगलिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 327ई पर एक असम नंबर के ट्रक से 22 मवेशियों को बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक सागर कुमार के निर्देश में चल रही कार्रवाई के दौरान गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली। एक संदिग्ध ट्रक ठाकुरगंज की तरफ से तेज रफ्तार में जा रहा था। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ने और तेज गति से भागने की कोशिश की।
आदित्य ढाबा के पास ट्रक को रोका गया। चालक मौके से भाग निकला, लेकिन सहचालक वाक्कर अली को पकड़ लिया गया।
जब पुलिस ने सख्ती से सहचालक से पूछताछ किया तो पता चला कि फरार चालक का नाम मो मुसरफ हक है। दोनों असम के हेलोचरपाम के रहने वाले है। ट्रक की जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। ऊपर बिस्लेरी पानी की बोतलें रखी थी, जबकि नीचे 22 मवेशी छिपाए गए थे। इनमें 15 भैंस के बछड़े, 3 गाय के बछड़े और 4 भैंस की बछिया शामिल है। सहचालक के पास मवेशियों के कोई वैध कागजात नहीं मिले। पुलिस फरार चालक की खोज कर रही है।