समस्तीपुर के विभूतिपुर में अगलगी में झुलसी महिला राधा देवी (70) की मौत हो गई। घटना, कल्याणपुर दक्षिण वार्ड नं 13 के समर्था गांव की है, जहां रामविलास महतो की पत्नी राधा देवी खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक आग लग गई। आग पहले अलाव से शुरू हुई और फिर उनके कपड़ों तक पहुंच गई। आग की लपटें तेजी से फैलीं। चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मदद के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
पटना में इलाज के दौरान हुई मौत
अग्निशमन दल के चालक सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सामान जलकर राख हो चुका था। राधा देवी को गंभीर हालत में दलसिंहसराय के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया। वहीं पटना में इलाज के दौरान राधा देवी की मौत हो गई।