सहरसा : राजकीय महोत्सव की तैयारियों को लेकर सांसद ने लिया जायजा:16-17 फरवरी को सहरसा में भव्य आयोजन, बॉलीवुड कलाकार भी देंगे प्रस्तुति

सहरसा में स्थित प्रसिद्ध माँ विषहरा मंदिर में पहली बार राजकीय महोत्सव का भव्य आयोजन होने जा रहा है। पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। मंदिर परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं, जहाँ विशाल पंडाल और मंच का निर्माण किया जा रहा है।

स्थानीय जदयू सांसद दिनेशचंद्र यादव और जिला प्रशासन की टीम ने तैयारियों का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ बॉलीवुड के प्रसिद्ध कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे। इस दौरान सदर एसडीएम प्रदीप कुमार झा, पूर्व विधायक डॉ अरुण यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम

गौरतलब है कि पिछले साल 20 सितंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंदिर का उद्घाटन करते हुए राजकीय महोत्सव की घोषणा की थी। इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन, लोकनृत्य और विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।

सांसद दिनेशचंद्र यादव ने बताया कि यह महोत्सव क्षेत्र के पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देगा। सीएम के घोषणा के अनुरूप 16 एवं 17 फरवरी को आयोजन किया जायेगा। स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Darbhanga Office: