समस्तीपुर में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल
समस्तीपुर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर सोमवार देर शाम बाइक की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनाएं मगरदही के खरीदाबाद मोहल्ला और जितवारपुर विशनपुर चौक के पास हुईं। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
पहली घटना खरीदाबाद मोहल्ला स्थित एक विवाह भवन के पास दो बाइकों के बीच सीधी टक्कर हो गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की पहचान मोहनपुर निवासी उपेंद्र राम के पुत्र संजय कुमार के रूप में हुई है।
संजय कुमार को पुलिस की 112 नंबर टीम द्वारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। वहीं, दूसरे घायल युवक को उसके परिजन इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए।
जख्मी को उपचार के लिए पुलिस की 112 नंबर टीम ने लाया सदर अस्पताल
बाइक सवार ने मारी टक्कर
दूसरी घटना जितवारपुर विशनपुर चौक के पास हुई, जहां देर शाम बाजार से खरीदारी कर पैदल घर लौट रहे 55 वर्षीय मो. मेनेतुल्ला को एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें डीएमसीएच दरभंगा रेफर किया गया। घटना के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गया।
मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा गया। खरीदाबाद मोहल्ले में घायल व्यक्ति को पुलिस की 112 नंबर टीम ने अस्पताल पहुंचाया। दोनों घटनाओं की जांच जारी है और फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।