बेगूसराय  :  बेगूसराय में युवाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा:बेहतर कार्य करने वालों को किया सम्मानित, जमकर लगाए वंदे मातरम के नारे

बेगूसराय में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर युवा संघर्ष के बैनर तले भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व युवा संघर्ष के संस्थापक अजय कुमार, विनोद कुमार, संयोजन विक्की पटेल और संचालन कमल कश्यप ने किया।

यात्रा में बड़ी संख्या में जिले भर के युवाओं ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों ने कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज की। डीजे और गाजे-बाजे के साथ भव्य तिरंगा यात्रा जीडी कॉलेज में स्वामी विवेकानंद, भारत माता, अमर शहीद ऋषि कुमार और शहीद सौरभ को नमन व पुष्पांजलि के साथ शुरू हुआ।

यात्रा पटेल चौक, कर्पूरी स्थान, मेन रोड, नगरपालिका चौक, स्वामी विवेकानंद चौक के रास्ते एसबीएसएस कॉलेज पहुंचकर सभा के साथ सम्पन्न हुई। यात्रा में जमकर भारत माता और वंदे मातरम के नारे लगाए गए।

इस दौरान युवा संघर्ष की ओर से रक्तदान में विशेष योगदान के लिए जयमंगला वाहिनी, कोई भूखा न सोए की मुहिम चलाने वाले साईं की रसोई, बच्चों की पाठशाला सहित कई सामाजिक संगठनों को सम्मानित भी किया गया।

तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़।
यात्रा अब हमारी पहचान बन चुकी

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे युवा संघर्ष के संस्थापक सदस्य अजय कुमार और विनोद कुमार ने कहा कि बेगूसराय के गौरव की गाथा कहती यह यात्रा अब हमारी पहचान बन चुकी है। जिले के विभिन्न कोनों से सैकड़ों युवा स्वेच्छा से आते हैं। इसका हिस्सा बन देशभर में बेगूसराय के युवाओं के राष्ट्र प्रेम के जज्बे का संदेश फैलाते हैं।

उन्होंने कहा कि युवा संघर्ष कभी भी इस ऐतिहासिक बनती तिरंगा यात्रा के आयोजन से पीछे नहीं हटेगा, साथ ही अन्य सामाजिक कार्यों का हिस्सा बन समाज हित में अपना योगदान निरंतर देता रहेगा। व्यवस्था प्रमुख विक्की पटेल और सह प्रमुख कमल कश्यप ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा युवाओं के संघर्ष की कहानी को चरितार्थ करती है।

जिस प्रकार से इस यात्रा में स्वतः युवाओं का संयोजन हो जाता है और उनके जोश-उमंग के बीच ऐसे भव्य आयोजन का होना हमें ऐसे अन्य आयोजन को प्रेरित करता है। युवाओं के इस प्रकार से प्राप्त सहयोग के दम पर युवा संघर्ष आगे ऐसे ढेरों आयोजन करेगा, जो पूर्णतः ऐतिहासिक होंगे।

अच्छे कार्य के लिए मिला सम्मान।
युवाओं में राष्ट्रभक्ति का जज्बा कूट-कूटकर भरा है

वरिष्ठ सदस्य आर्यन सिन्हा और मीडिया प्रमुख राज नामा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के बाद बिना अधिक प्रचार-प्रसार के जिस प्रकार से युवाओं का हुजूम इस कार्यक्रम में उमड़ता है। वह हमें यह प्रमाणित करने को पर्याप्त है कि जिले के युवाओं में राष्ट्रभक्ति का जज्बा कूट-कूटकर भरा है। हम सभी ऐसे तमाम युवा शक्ति को नमन करते हैं, जो हर वर्ष आयोजित होने वाले इस तिरंगा यात्रा को इतनी अधिक भव्यता प्रदान करते हैं।

मौके पर मृत्युंजय कुमार वीरेश, अंकित कुमार, सुमित सन्नी, आयुष ईश्वर, सोनू सरकार, नितिन कुमार, मौसम आनंद, सोनू कुमार, अजित कुमार, प्रहलाद कुमार, वैभव, कन्हैया, नितेश और प्रिंस सहित सैकड़ों युवा यात्रा में शामिल हुए।

Darbhanga Office: