बिहार: पुल निर्माण निगम इंजीनियर के ठिकानों पर निगरानी ब्यूरो का छापा, आय से अधिक संपत्ति का मामला

बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रोजेक्ट इंजीनियर जंग बहादुर सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह से शुरू हुई छापेमारी देर रात तक जारी रही, जिसमें निगरानी ब्यूरो की टीम ने जंग बहादुर सिंह के चार ठिकानों पर तलाशी ली। जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के वेदनगर और पुनाईचक में स्थित एक फ्लैट, बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुधानी गांव और पुल निर्माण निगम का कार्यालय शामिल हैं। यह कार्रवाई जंग बहादुर सिंह पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के तहत की गई है।

निगरानी ब्यूरो की प्रारंभिक जांच में यह आरोप सही पाए गए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि जंग बहादुर सिंह ने अपने और अपने परिवार के नाम पर करोड़ों रुपए की संपत्ति जैसे जमीन और फ्लैट खरीदी है। इन आरोपों के आधार पर निगरानी ब्यूरो ने मामला संख्या सं-3/25 दर्ज कर अदालत से सर्च वारंट प्राप्त किया था।

इस मामले में जंग बहादुर सिंह ने अपना बयान भी दिया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ यह शिकायत पूर्व डीजीपी योगेश्वर नाथ श्रीवास्तव द्वारा की गई थी, जिनसे उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। सिंह ने दावा किया कि यह मामला अदालत में भी विचाराधीन है और इस विवाद के आधार पर ही निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम फिलहाल सभी दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच में जुटी हुई है। देर रात तक छापेमारी जारी रही और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Darbhanga Office: