प्रगति यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था में जुटे पदाधिकारी, कोताही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
दरभंगा जिलाधिकारी राजीव रौशन और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में मुख्यमंत्री बिहार की प्रगति यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए दरभंगा जिला के प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी के साथ प्रेक्षागृह में गुरुवार को ब्रीफिंग किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्यक्रम के दिन यानी 11 जनवरी पूर्वाह्न 7:00 से अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। साथ ही कर्तव्य से अनुपस्थित रहने वाले दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम कई जगहों पर है, सभी पुलिस पदाधिकारी मुस्तैद रहेंगे और अनावश्यक मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करेंगे। कहीं से किसी तरह की घटना की सूचना मिले तो वरीय पदाधिकारी को सूचित करेंगे। उन्होंने कहा कि ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग दो दिनों के अंदर बना लेना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी संयुक्त आदेश को अच्छी तरह से पढ़ लें और उसका अनुपालन करें। मुख्यमंत्री के दरभंगा जिला अंतर्गत निर्धारित भ्रमण, शिलान्यास, उद्घाटन, अवलोकन कार्यक्रम के परिपेक्ष में सभी थानाध्यक्ष, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आसूचना संग्रह का कार्य करेंगे। जिनकी ड्यूटी जहां है, वहीं पर रहेंगे।
सभी वरीय पदाधिकारी एक-दूसरे से समन्वय कर लेंगे। बिना पास के किसी को भी अनुमति नहीं होगा। कार्यक्रम स्थल के लिए पॉलिटिकल पार्टी के लिए गैलरी बनाने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी सदर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर को दिया।
जगह-जगह मेडिकल टीम रहेगी
पेंटिंग, बुके, साल, फूल किसी भी प्रकार के मोमेंटो का अनुमति नहीं है। डीएम ने कहा कि संदेहास्पद लगे तो समाधान करें और वरीय को सूचित करें, सभी सक्रिय रहें। कार्यक्रम स्थल के पास पार्किंग के लिए जगह पहले सुनिश्चित कर लेंगे।
साथ ही संबंधित पदाधिकारी को ट्रैफिक प्लान बना लेने का निर्देश दिया। उन्होंने सिविल सर्जन को सभी जगह एक-एक मेडिकल टीम प्रतिनियुक्त करने का निर्देश दिया। साथ ही पीएचईडी को पानी, शौचालय आदि को सक्रिय रूप से रखने को कहा। बिजली विभाग लटके हुए तार को दुरुस्त करवाने व तालाब वाले जगह बचाव के लिए आपदा के टीम प्रतिनियुक्त करने का निर्देश आपदा प्रबंधन पदाधिकारी को दिया गया।
कार्यक्रम के दिन कंट्रोल रूम बनाया जाएगा
कार्यक्रम के दिन कंट्रोल रूम का गठन किया जाएगा। अनुमंडल पदाधिकारी, दरभंगा और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर विधि व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। अपर समाहर्ता जिला दंडाधिकारी नीरज कुमार दास एवं नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी विधि व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार दास, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार, अपर समाहर्ता आपदा सलीम अख्तर, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राकेश रंजन, अपर समाहर्ता विभागीय जांच कुमार प्रशांत, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार और अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।